sanjay raut

    Loading

    मुंबई: शिवसेना ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत ने मंगलवार को आरोप लगाया कि, उन्हें शिंदे गुट से मौत की धमकी मिल रही है। स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, राउत ने यह भी आरोप लगाया था कि, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे ने ही उन्हें मारने की सुपारी दी थी। ठाकरे गुट  के सांसद संजय राउत ने उपमुख्यमंत्री और राज्य के गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस के लिखे एक पत्र में यह आरोप लगाए है। राउत ने अपने पत्र में यह भी आरोप लगाया कि श्रीकांत शिंदे ने उन्हें मारने के लिए एक गुंडे राजा ठाकुर को काम पर रखा है।

    21 फरवरी को देवेंद्र फडणवीस को लिखे एक पत्र में उन्होंने लिखा, ‘पिछले कुछ दिनों में महाराष्ट्र में जनप्रतिनिधियों पर धमकियों और हमलों में वृद्धि हुई है और कहा कि यह महाराष्ट्र की परंपरा नहीं है। उन्होंने यह भी लिखा, “महाराष्ट्र में सत्ता हस्तांतरण के बाद मेरी सुरक्षा के सारे इंतजाम हटा दिए गए। मुझे इसकी कोई शिकायत नहीं है। इस तरह के राजनीतिक फैसले लिए जाते हैं। जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा सरकार का मामला है और गृह मंत्री के रूप में आप ऐसा करने के लिए सक्षम हैं।” इसलिए, फिर भी मैं आपके संज्ञान में एक गंभीर मामला लाना चाहता हूं।” 

    इसके बाद उन्होंने लिखा, “मुझे जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार ठाणे के एक कुख्यात गैंगस्टर राजा ठाकुर और उसके गिरोह को हमले की सुपारी श्रीकांत शिंदे ने दी है. महाराष्ट्र की वर्तमान स्थिति को देखते हुए इस मुद्दे को आपके संज्ञान में लाने की आवश्यकता है।”

    रिपोर्ट्स के अनुसार, संजय राउत ने इस मामले में ठाणे के शीर्ष पुलिस को भी एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने न केवल सांसद श्रीकांत शिंदे बल्कि अन्य लोगों का भी जिक्र किया है और उन लोगों से खतरा होने का दावा किया है।