Vaccination

    Loading

    मुंबई: राज्य में 18 और उससे अधिक उम्र के 73 फीसदी लोगों ने कोविड (Covid) से सुरक्षा प्राप्त करने के लिए पहली डोज (First Dose) ले ली है। यह कही न कही राहत भरी खबर है, लेकिन वैक्सीन (Vaccine) की डबल डोज (Double Dose) लेने वालों की संख्या अब भी 33.84 फीसदी है। टीकाकरण (Vaccination) की रफ्तार को बढ़ाव देने के लिए सरकार अलग-अलग प्रोग्राम चला कर दम लगा रही है, लेकिन टीकाकरण की रफ्तार अब भी कम है।

    एक ओर राज्य में कोरोना कमजोर होता जा रहा है, वहीं दूसरी ओर टीकाकरण मुहिम भी सुस्त पड़ रही है। कोरोना से चल रही जंग में वैक्सीन की अहम भूमिका है, इसके बावजूद शेष बचे लोग वैक्सीन लेने के लिए आगे क्यों नहीं आ रहे हैं। राज्य में 18 और उससे अधिक उम्र के 9.14 करोड़ लोग हैं। इन सभी का टीकाकरण होना बेहद जरूरी है। राज्य में अब तक 9 करोड़ 80 लाख 52 हजार 323 डोज दिए गए हैं, जिसमें से 6 करोड़ 71 लाख 19 हजार 343 फर्स्ट डोज़ और 3 करोड़ 9 लाख 32 हजार 980 को वैक्सीन का डबल डोज दिया गया है।  

    कई इलाकों में कैम्प लगाए जा रहे हैं

    राज्य में नवरात्र के बाद से ही टीकाकरण अभियान को झटका लगा। राज्य में टीकाकरण के गिरते ग्राफ पर डायरेक्टरेट ऑफ हेल्थ एंड सर्विसेस की संयुक्त निदेशक डॉ. अर्चना पाटिल ने बताया कि वैक्सीनेशन की रफ्तार को बढ़ाने के लिए सप्ताह में दो बार सभी जिला स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ मीटिंग की जा रही है। कई इलाकों में कैम्प लगाए जा रहे हैं, पहले लोगों को केंद्रों तक आना होता था, लेकिन अब हम लोगों तक पहुंच रहे हैं। इसके अलावा लोग में जागरूकता भी बढ़ाई जा रही है।

    फरवरी-मार्च वर्ष 2022 तक मुंबई सहित राज्य में लगभग 80 से 90 फीसदी लोगों का टीकाकरण होना बेहद जरूरी है। कोरोना कमजोर हो गया यह सोचना बेकार है यदि हम वैक्सीन लेते हैं तो भविष्य में यदि कोविड की लहर उठती है तो हम पर उसका असर कम होगा। इसलिए लोगों को जल्द से जल्द टीका लेना चाहिए।

    -डॉ. अविनाश सुपे, प्रमुख, डेथ रिव्यु कमिटी

    पहले मिशन कवच कुंडल और अब मिशन युवा के तहत शिक्षा विभाग के साथ मिलकर युवाओं का टीकाकरण किया जा रहा है। त्योहारों के कारण टीकाकरण की संख्या में कमी देखने को मिली है, लेकिन हम महिलाओं, युवाओं को टार्गेट कर रहे हैं।

    -डॉ. दिलीप पाटिल, पूर्व टीकाकरण अधिकारी, महाराष्ट्र

    कोविड के मामले कम हो गए और लोग निश्चिन्त। कई लोगों में यह धारणा है कि वैक्सीन की एक डोज ले ली और अब मैं सुरक्षित। मैं बताना चाहूंगा कि यह लोगों की बिल्कुल गलत धारणा है। वैक्सीन की दोनों डोज लेना बेहद जरूरी है तभी शरीर में रोग से लड़ने के लिए एंटीबॉडी विकसित होगी। त्योहारों के कारण कई लोग वैक्सीन नहीं ले रहे हैं हो सकता है दीवाली के बाद टीकाकरण एक बार फिर रफ्तार पकड़े।

    - डॉ. राहुल पंडित, सदस्य, नेशनल टॉस्क फ़ोर्स और निदेशक, इंटेंसिव केअर यूनिट फोर्टिस अस्पताल

    मुंबई में 54 हजार डोज दिए

    मुंबई में शनिवार को 54 हजार डोज दिए गए, इसी के साथ शहर में कुल टीकाकरण का आंकड़ा 1 करोड़ 46 लाख 73 हजार 622 डोज हो गया है। इसमें से 91 लाख 12 हजार 596 (95 फीसदी से अधिक) लोगों ने फर्स्ट डोज लिया है, जबकि 55 लाख 61 हजार 026 लोगों ने वैक्सीन का दूसरा डोज लिया है।

    महाराष्ट्र के आंकड़े

    • टीकाकरण केंद्र – 7813
    • पहले डोज- 6,71,30,342
    • दूसरा डोज- 3,09,38,011
    • कुल डोज- 9,80,68,353
    • पुरुष- 52846786
    • महिला- 45202610

    मुंबई के आंकड़े

    • टीकाकरण केंद्र – 506
    • पहले डोज- 91,12,859
    • दूसरा डोज- 55,61,568
    • कुल डोज- 1,46,74,427
    • पुरुष- 8530315
    • महिला- 6140492