Mumbai Metro

    Loading

    मुंबई: मुंबई (Mumbai) में मेट्रो 2 ए और 7 (Metro 2A and 7) को  चलाने की तैयारी शुरू हो गई है। पश्चिमी उपनगर अंधेरी के डी.एन. नगर (D N Nagar) से दहिसर पश्चिम और अंधेरी पूर्व से दहिसर पूर्व को जोड़ने वाली इस मेट्रो कॉरिडोर (Metro Corridor) को सीएमआरएस (CMRS) की हरी झंडी का इंतजार है, जो इस माह के अंत तक मिलने की संभावना है। एमएमआरडीए (MMRDA) ने पहले चरण के संचालन की तैयारी कर ली है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों कॉरिडोर के लिए ट्रायल रन (Trial Run) पूरा होने के साथ सेफ्टी कमिश्नर की सुरक्षा जांच भी पूरी होने को है।

    दहिसर-डीएन नगर मेट्रो-2 ए लाइन और दहिसर ईस्ट-अंधेरी ईस्ट मेट्रो-7- को इस महीने के अंत तक सेफ्टी क्लीयरेंस सर्टिफिकेट मिलने की उम्मीद है, जिसके साथ दोनों कॉरिडोर को शुरू करने का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा। प्राधिकरण  के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सीएमआरएस का  निरीक्षण के लगभग पूरा हो चुका है। मेट्रो -2 ए के लिए पहला चरण दहिसर और दहानुकरवाड़ी के बीच और मेट्रो -7 कॉरिडोर के लिए दहिसर और आरे कॉलोनी के बीच है।

    11 मेट्रो रेक तैयार

    एमएमआरडीए के अनुसार, मेट्रो कॉरिडोर के संचालन के लिए 6 कोच वाले 11 मेट्रो ट्रेनें तैयार हैं। संचालन में 8 से 9 रेक का उपयोग होगा, बाकी स्टैंडबाय पर होंगे। हर 10 मिनट में एक ट्रेन चलेगी। पहले चरण में मेट्रो 2 ए और 7 कॉरिडोर पर लगभग 200 सेवाओं को चलाने की योजना है। बताया गया कि 10-10 मिनट की फ्रीक्वेंसी पर दिन भर में 202 सेवाएं चल सकती हैं।

    एमएमआरडीए का टाइम टेबल

    बताया गया कि पहली मेट्रो ट्रेन दहानुकरवाड़ी से सुबह 5.07 बजे बजे छूटेगी, जबकि आरे से 5.30 बजे छूटेगी। आखिरी ट्रेन दहानुकरवाड़ी से रात 10.39 बजे और आरे से 11.22 बजे से चलेगी। पीक आवर सुबह 8.30 से 11 बजे तक और शाम 5.30 से 8 बजे तक है । एमएमआरडीए के अनुसार, अभी ये संभावित टाइम टेबल है। यात्रियों की संख्या के आधार पर आवश्यकतानुसार परिवर्तन किया जाएगा। मांग बढ़ने पर व्यस्त समय में और ट्रेनें चलेंगी।

    दूसरा चरण अक्टूबर 2022 तक

    एमएमआरडीए के कमिश्नर एसवीआर श्रीनिवास के अनुसार, एक बार पहला चरण अप्रैल में शुरू हो जाता है, तो दूसरा चरण या दहिसर से अंधेरी के बीच का पूरा कॉरिडोर अक्टूबर 2022 तक शुरू  होने की उम्मीद है। दोनों  मेट्रो कॉरिडोर पर रोजाना लगभग 10 लाख लोग यात्रा करेंगे।