Rajiv Shukla
photo PTI

    Loading

    मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) से राज्यसभा (Rajya Sabha) की एक सीट के लिए कांग्रेस (Congress) के अंदर रेस तेज हो गई है। इस सीट की उम्मीदवारी को हासिल करने के लिए दिल्ली (Delhi) के दो कद्दावर नेताओं ने भी अपना पूरा जोर लगा दिया है। सूत्रों के मुताबिक़, इस दौड़ में नया नाम गांधी परिवार के करीबी नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला (Rajiv Shukla) का है। ऐसी रिपोर्ट है कि काफी दिनों से हाशिए पर चल रहे शुक्ला एक बार फिर राज्यसभा में इंट्री चाहते हैं। इसलिए उन्होंने इसके लिए गांधी परिवार के पास जुगाड़ लगाया है। 

    शुक्ला के कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के अलावा राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ अच्छे रिश्ते हैं। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री मुकुल वासनिक भी राज्यसभा में जाने के लिए लॉबिंग कर रहे हैं। इस वजह से गांधी परिवार के करीबी शुक्ला और वासनिक के बीच राज्यसभा की उम्मीदवारी को हासिल करने के लिए रस्साकशी तेज हो गई है।   

    महाराष्ट्र में देवड़ा और निरुपम के बीच जंग

    महाराष्ट्र में राज्यसभा सीट हासिल करने के लिए यहां के दो बड़े नेताओं के बीच जंग चल रही है। इन नेताओं में पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री मिलिंद देवड़ा और मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संजय निरुपम शामिल हैं। निरुपम ने हाल ही में दिल्ली में जाकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की थी। साल 2019 में लोकसभा का चुनाव हारने के बाद देवड़ा और निरुपम दोनों हाशिए पर चल रहे हैं। ऐसे में ये दोनों नेता सक्रिय राजनीति में वापसी का प्रयास कर रहे हैं। यही वजह है कि इनकी निगाहें महाराष्ट्र से  खाली हुई  राज्यसभा सीट पर है।

    राज्यसभा में कांग्रेस को दमदार नेता की जरुरत

    संख्या बल के हिसाब से लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में कांग्रेस की हालत बेहद कमजोर हैं। ऐसे में कांग्रेस आलाकमान राज्यसभा में बीजेपी का सामना करने के लिए किसी दमदार नेता को सदन में भेजना चाहती है। पार्टी के कई नेताओं को लगता है कि कांग्रेस सांसद राजीव सातव के निधन से खाली हुई सीट पर सिर्फ भावनात्मक आधार पर उनकी पत्नी प्रज्ञा सातव को भेजना कूटनीति के हिसाब से सही फैसला नहीं होगा। हालांकि महाराष्ट्र कांग्रेस के कई नेता इस सीट से प्रज्ञा सातव को ही उम्मीदवार बनाए जाने की वकालत कर रहे हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस हाईकमान किस नेता को राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाती है।

    4 अक्टूबर को होंगे चुनाव

    चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, राज्यसभा चुनाव के लिए 15 सितंबर को नोटिफिकेशन जारी होगा और 22 सितंबर तक नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख होगी। नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 27 सितंबर है। 4 अक्टूबर को वोटिंग होगी, वहीं उसी दिन वोटों की गिनती कर चुनाव जीतने वाले उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया जाएगा।