Powder room

Loading

नवभारत न्यूज़ नेटवर्क
मुंबई: महिला यात्रियों की स्वच्छता को लेकर मध्य रेल ने विशेष पहल करते हुए मुलुंड और ठाणे के बाद कांजुरमार्ग स्टेशन पर पाउडर रूम की शुरूआत की है। बताया गया है कि एलटीटी, घाटकोपर और चेंबूर में शीघ्र नवीनतम महिला पाउडर रूम जल्द ही शुरू होने वाला है। मध्य रेल ने गैर-किराया राजस्व के तहत यह सुविधा महिला यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई है। 

क्या है पावडर रूम
पाउडर रूम मूल रूप से रेलवे स्टेशन, पेट्रोल पंप, बस स्टेशन, मॉल आदि जैसे सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के लिए एक सुविधाजनक कमरा है। इसमें शौचालय सुविधाओं, वॉश बेसिन और दर्पण आदि की सुसज्ज सुविधा रहती है जहां महिलाएं स्वच्छतागृह का उपयोग करने के साथ सज संवर सकती हैं। यहां  मेकअप करने की सुविधा है। यह अन्य सार्वजनिक शौचालय से भिन्न है जहां ये सुविधाएं आम तौर पर उपलब्ध नहीं होती हैं। मध्य रेलवे के सीपीआरओ डॉ स्वप्निल नीला ने बताया कि ठाणे और मुलुंड स्टेशनों पर महिला पाउडर रूम पहले से ही कार्यरत हैं। जल्द ही एलटीटी, घाटकोपर और चेंबूर स्टेशनों पर भी शुरू किए जाएंगे। मध्य रेल के मुंबई मंडल ने नामांकित स्टेशनों पर गैर-किराया राजस्व के तहत पहली बार “वूलू महिला पाउडर रूम” शुरू करने की योजना बनाई है। लाइसेंसधारी द्वारा आकांक्षी शौचालयों की स्थापना, संचालन और रखरखाव के साथ इस पहल से 5 वर्षों के लिए प्रति वर्ष 39.48 लाख का राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद है। 

 
खर्च करने होंगे 10 रूपए
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए 10 रूपए खर्च करने होंगे। 365 रूपए देकर वार्षिक सब्सक्रिप्शन भी ले सकते हैं। प्रत्येक “वूलू महिला पाउडर रूम” में 50% क्षेत्र को कवर करने वाले 4 शौचालय होंगे। शेष 50% क्षेत्र का उपयोग खुदरा बिक्री के लिए किया जा सकता है, जहां लाइसेंसधारी को गैर-खाद्य वस्तुओं जैसे महिलाओं के स्वच्छता उत्पाद, सौंदर्य उत्पाद, व्यक्तिगत देखभाल उत्पाद, सौंदर्य प्रसाधन, उपहार आइटम आदि को एमआरपी पर बेचने की अनुमति होगी। शौचालय केवल महिलाओं के लिए होंगे। खाद्य पदार्थों की बिक्री या वितरण की अनुमति नहीं होगी। मध्य रेल ने विभिन्न स्टेशनों पर पर्सनल केयर सेंटर, ममता कक्ष आदि की सफलता के बाद यह एक और महिला केंद्रित एनएफआर पहल की है।