Name of Neeraj Chopra Stadium in Army Sports Institute

    Loading

    शैलेंद्र सिंह 

    पुणे. केंद्रीय रक्षा मंत्री (Union Defense Minister) राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) पुणे दौरे पर है। शुक्रवार को पुणे में आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट (Army Sports Institute) के परिसर में स्टेडियम का नाम करण टोक्यो ओलंपिक 2020 के स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा के नाम पर रखा गया। अब से पुणे कैंट में स्थित इस स्टेडियम का आधिकारिक नाम “नीरज चोपड़ा आर्मी स्पोर्ट्स स्टेडियम” (Neeraj Chopra Army Sports Stadium) होगा। जिसका आधिकारिक नामकरण रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की।

    राजनाथ सिंह ने कहा कि स्टेडियम की रिनेमिंग नीरज चोपड़ा के नाम पर हुई है, यह कोई छोटी बात नहीं है। यह नीरज के प्रति सम्मान और स्नेह के भाव को प्रदर्शित करता है। खेलों के महत्व को समझाने के लिए, उन्होंने कहा कि जहां हम आज है, यानी कि महाराष्ट्र का इतिहास देखें तो खेल ही था, जिसने शिव नाम के बच्चे को छत्रपति शिवाजी महाराज बना दिया।

    सशस्त्र बलों के जवानों को सम्मानित किया

    इस दौरान रक्षामंत्री ने आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट (एएसआई) में, इस साल टोक्यो ओलंपिक में भाग लेने वाले सशस्त्र बलों के जवानों को सम्मानित किया। स्वर्ण पदक विजेता जैवलिन थ्रोअर खिलाड़ी सूबेदार नीरज चोपड़ा सहित हाल ही में संपन्न टोक्यो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले सभी सशस्त्र बलों के जवान और प्रशिक्षक भी  मौजूद रहे। रक्षामंत्री ने सभी खिलाड़ियों की खूब तारीफ की और खेलों में महिलाओं की सहभगिता को सराहते हुए कहा कि महिलाएं भी खेल में अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं, उन्हें भी प्रोत्साहित करने की जरूरत है।

    रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय सेना हमेशा से भारतीय खेलों की रीढ़ रही है। मेजर ध्यानचंद से लेकर सूबेदार नीरज चोपड़ा तक ने भारतीय खेलों के इतिहास में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करवाया है।एक सैनिक में सच्चा खिलाड़ी और सच्चे खिलाड़ी में सैनिक मौजूद रहता है।

    ओलिंपिक होस्ट करने का मौका मिलेगा

    नीरज चोपड़ा ने अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करवाया है। मैं वह वक्त देख रहा हूँ जब भारत को ओलिंपिक होस्ट करने का मौका मिलेगा। सभी हमारे सभी ओलिंपियन किसी विजेता से कम नही। इस ओलिंपिक में भारत का सबसे बेहतर प्रदर्शन रहा है, लेकिन हमे इतने में संतुष्ट नही होना है, आगे बढ़ना है। एएसआई से अब तक 34 ओलंपियन, 22 राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता, 21 एशियाई खेलों के पदक विजेता, छह युवा खेलों के पदक विजेता और 13 अर्जुन पुरस्कार प्राप्त करने वाले खिलाड़ी रहे हैं।

    गौरतलब है कि इस बार का टोक्यो ओलंपिक भारत के लिए शानदार रहा है। पहली बार किसी ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों ने सात पदक अपने नाम किए है। पदक जीतने वालों में जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा को गोल्ड मिला है, जबकि अन्य में मीराबाई चनू, पीवी सिंधू, रवि दहिया, लवलीना, इंडियन हॉकी टीम, बजरंग पुनिया है।