jayantpatil

    Loading

    पिंपरी: पार्टी संगठन मजबूत बनाने और आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के मद्देनजर कार्यकर्ताओं से संवाद साधने के लिहाज से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रदेश अध्यक्ष और जल संसाधन मंत्री जयंत पाटिल (Minister Jayant Patil) का पारिवारिक संवाद यात्रा ( Parivar Samvad Yatra) शनिवार को पिंपरी-चिंचवड़ (Pimpri-Chinchwad) पहुंचेगा। इस संवाद यात्रा के दौरान जयंत पाटिल शहर के पदाधिकारियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं से चर्चा कर पार्टी संगठन की समीक्षा करेंगे। मोशी स्थित गणेश बकेट हॉल में शनिवार सुबह से यह पारिवारिक संवाद होगा। 

    एक संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी देते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के पिंपरी-चिंचवड़ शहर अध्यक्ष, नगरसेवक अजीत गव्हाणे ने कहा कि जयंत पाटिल आगामी चुनावों के मद्देनजर पार्टी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। उनके साथ में उपमुख्यमंत्री अजीत पवार, महिला प्रदेश अध्यक्ष रूपाली चाकणकर, युवा अध्यक्ष महबूब शेख, सांसद डॉ. अमोल कोल्हे, विधायक अन्ना बनसोड़े, पूर्व विधायक विलास लांडे, पूर्व महापौर, सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, नगरसेवक आदि मौजूद रहेंगे। 

    कार्यकारिणी पर जल्द ही फैसला लिया जाएगा

    शहर कार्यकारिणी के गठन से जुड़े सवाल के जवाब में गव्हाणे ने कहा कि पार्टी के लिए काम करने वाले सक्रिय पदाधिकारियों को संगठन में बरकरार रखा जाएगा सक्रिय पदाधिकारियों को नहीं बदला जाएगा। हालांकि जो सक्रिय नहीं हैं, उनकी जगह नए पदाधिकारियों को मौका दिया जाएगा। कार्यकारिणी पर जल्द ही फैसला लिया जाएगा।  

    कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे

    जयंत पाटिल शनिवार को सुबह 10 बजे पिंपरी विधानसभा क्षेत्र, 11 बजे चिंचवड़ और दोपहर 12 बजे भोसरी विधानसभा क्षेत्र की समीक्षा करेंगे। इसके पश्चात शहर कार्यकारिणी की समीक्षा की। इसमें शहर की समस्याओं का पता चलेगा। गव्हाणे ने कहा कि वह संगठन को मजबूत करने और आगामी महानगरपालिका चुनावों के मद्देनजर भविष्य में कैसे काम करें, इस पर कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे। पिंपरी खरालवाड़ी स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व महापौर संजोग वाघेरे, योगेश बहल, महिला नगर अध्यक्ष कविता आल्हाट, वरिष्ठ पार्षद नाना काटे, भाऊसाहेब भोइर, विनायक रणसुभे, फजल शेख, विजय लोखंडे मौजूद थे। भाजपा पार्षद तुषार कामठे के इस्तीफे से जुड़े सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, कामठ नेआज अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उस समय हम पदाधिकारी वहां मौजूद थे।  

    एनसीपी में जल्द शामिल होंगे तुषार कामठे

    तुषार कामठे जल्द ही राष्ट्रवादी में शामिल होंगे। अन्य 25 से 30 नगरसेवक पार्टी के संपर्क में हैं। उन्हें चरणों में पार्टी में शामिल कराया जाएगा। महानगरपालिका चुनाव में शिवसेना के साथ गठबंधन की संभावना जताई जा रही है। हालांकि इसका अंतिम फैसला उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ही करेंगे, लेकिन गठबंधन होने की सूरत में किए जानेवाले नियोजन की तैयारी भी कर रखी है।