Keshav Gholwe

    Loading

    पिंपरी: व्यापारियों को पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका (Pimpri-Chinchwad Municipal Corporation) की ओर से दुकानें (Shops) दिलाने का झांसा देकर उनसे पैसे ऐंठने के आरोप में पूर्व उपमहापौर और सत्तादल बीजेपी (BJP) के मौजूदा नगरसेवक केशव घोलवे (Corporator Keshav Gholve) को पिंपरी पुलिस (Pimpri Police) ने गिरफ्तार (Arrested) किया है। बीती दोपहर उन्हें और अन्य आरोपियों को अदालत पेश करने पर उन्हें चार दिन की पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया गया।

     इस बीच, फिरौती मामले में नगरसेवक घोलवे की गिरफ्तारी पर सियासत गरमा गई है। विपक्षी दलों ने भाजपा का असली चेहरा सबके सामने आने की टिप्पणी की है, जबकि सत्तादल ने इस कार्रवाई को आगामी चुनाव के मद्देनजर रची गई सियासी साजिश करार दिया है। 

    भाजपा को भविष्य में भ्रष्ट पार्टी के रूप में जाना जाएगा: संजोग वाघेरे

    एनसीपी के शहर अध्यक्ष संजोग वाघेरे और महानगरपालिका में नेता प्रतिपक्ष राजू मिसाल ने कहा कि भाजपा को भविष्य में भ्रष्ट पार्टी के रूप में जाना जाएगा। भ्रष्टाचार और फिरौती वसूली में भाजपा नगरसेवक सबसे आगे हैं। गरीब व्यापारियों को लूट लिया गया। केशव घोलवे ने गरीब ठेका कर्मियों के साथ मीठी-मीठी बातें कीं, उन्हें भी स्थायी नौकरी में रखने का लालच दिखाकर पैसे ऐंठे।  उपमहापौर बनने के बाद तो जोर-शोर से लोगों को ठगने की प्रथा शुरू हो गई। अब इसका खुलासा हो गया है। इसमें कोई साजिश नहीं है, पुलिस ने बीजेपी नगरसेवक को साजिश के तौर पर पकड़ा है।

    शिवसेना के उठाएगी भ्रष्टाचार का मुद्दा 

    शिवसेना के संपर्क प्रमुख सचिन अहीर ने कहा कि पूर्व उपमहापौर और नगरसेवक केशव घोलवे को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घोलवे भारतीय जनता पार्टी के वर्तमान नगरसेवक हैं और डेढ़ साल पहले पार्टी के पूर्व उपमहापौर थे। महानगरपालिक से दुकानें दिलाने के झांसे में कई लोगों स्व लाखों रुपए वसूले। इसके लिए उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका की स्थायी समिति के अध्यक्ष नितिन लांडगे को पुलिस ने रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। इसका मतलब है कि भारतीय जनता पार्टी के पास खाने के लिए अलग दांत और दिखाने के लिए अलग दांत हैं। यह पार्टी भविष्य में भ्रष्ट जनता पार्टी के रूप में जानी जाएगी। मैं भारतीय जनता पार्टी और घोलवे के कामकाज की निंदा करता हूं। शिवसेना के सभी कार्यकर्ताओं को पिंपरी-चिंचवड़ में घर-घर जाकर लोगों को बताना चाहिए कि भाजपा नेता कितने भ्रष्ट हैं। शिवसेना आगामी महानगरपालिका में भारतीय जनता पार्टी के भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाने जा रही है।

    चंद्रकांत पाटिल ने सियासी साजिश करार दिया 

    भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने इस पूरे मामले को सियासी साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि घोलवे को फंसाया गया है। उनके विरोधी के खिलाफ 96 लोगों के हस्ताक्षर युक्त शिकायत रहने के बाद भी पुलिस ने शिकायत दर्ज करने में ढिलाई बरती है। सभागृह नेता नामदेव ढाके, भाजपा के संगठन महासचिव व प्रवक्ता अमोल थोरात ने कहा कि केशव घोलवे गरीबों और वंचितों के लिए काम करते हैं। वे उपेक्षितों को न्याय दिलाते हैं। सीएसआर के तहत लोगों को दुकानें मुहैया कराई। उनके हस्तांतरण का समय आया तो राजनीतिक दबाव के चलते यह कदम उठाया गया है। 

    गलत तरीके से फंसाने की कोशिश

    महानगरपालिका चुनाव को लेकर बीजेपी को बदनाम करने की यह एक साजिश है। शिकायत दर्ज कराने वाला शख्स पिछले 15 साल से करीब 100 व्यापारियों से पैसे वसूल कर रहा है। थोरात ने कहा कि पिंपरी चिंचवड़ का एक राजनेता राजनीतिक दबाव बनाकर बीजेपी नगरसेवक को गलत तरीके से फंसाने की कोशिश कर रहा है।