KDMC Bus Service

Loading

-अरविंद मिश्रा

कल्याण: कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (Kalyan-Dombivli Municipal Corporation) के परिवहन में मौजूदा समय मे कल्याण-डोंबिवली के क्षेत्र और नवी मुंबई (Navi Mumbai) में परिवहन सेवाएं दी जा रही हैं। महिलाओं के लिए तेजस्विनी (Tejaswini) और कल्याण दर्शन (Kalyan Darshan) के लिए स्पेशल बसें चलाई जाती हैं। बसें और अधिक नियमित हो इसके लिए परिवहन विभाग द्वारा कई नई तकनीकी अपनाई जा रही हैं, जिससे आने वाले दिनों में यात्रियों को असुविधाओं का सामना न करना पड़े। 

वहीं, काफी बड़े पैमाने पर कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (KDMC) के परिवहन विभाग के पास बसें कई सालों से पड़ी हुई थी जिनमें कुछ बसों को नीलाम किया गया हैं। महानगरपालिका क्षेत्र के बाहर के अन्य शहरों में भी बसें संचालित की जाएंगी, जिनकी अन्य नगरपालिका और महानगरपालिका क्षेत्रों से मंजूरी मिल चुकी है। वहीं आने वाले दिनों में परिवहन विभाग का खुद का कार्यालय भी होगा जो निर्माणाधीन हैं।

कुछ दिनों में 100 बसें सड़क पर चलेंगी

केडीएमसी के परिवहन विभाग में मौजूदा समय मे 90 बसें चलाई जा रही है। कल्याण-डोंबिवली के अलावा नवी मुंबई में यह बसें सेवाएं दे रही हैं। कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका के पास ऐसे तो कुल 141 बसें हैं, लेकिन फंड के अभाव में तमाम बसें खड़ी हैं, जिन्हें मरम्मत किया जाना बाकी हैं। महानगरपालिका परिवहन विभाग के महा व्यवस्थापक डॉ. दीपक सावंत ने बताया कि अगले कुछ दिनों में कुल 100 बसें सड़क पर चलेंगी। इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) की शुरुआत हो चुकी है, जिसके माध्यम से बसों में एलईडी डिस्प्ले, बस स्टॉपों पर एलईडी डिसप्ले और बसों की वास्तविक स्थिति के बारे में यात्रियों को जानकारी मिल सकेगी। पेपरलेस ई-टिकटिंग, गाड़ियों के आगमन प्रस्थान की जानकारी, मोबाइल ऐप आदि की शुरुआत भी परिवहन विभाग द्वारा की जा रही हैं।

महिलाओं के लिए चल रही हैं तेजस्विनी बसें 

महिलाओं को बसों में असुविधा का सामना न करना पड़े इसके लिए तेजस्विनी बसें संचालित की जाती हैं। तेजस्विनी बसों के माध्यम से महिलाओं को अलग बस की व्यवस्था की गई है सुबह और शाम के समय तेजस्विनी बसें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। जिसके माध्यम से काम पर जाने आने के समय मे महिलाओं को फायदा पहुंचता है।

शहाड में ट्रांसपोर्ट भवन का निर्माण शुरू

प्रदूषण को कम करने के लिए कल्याण-डोंबिवली परिवहन सेवा में 207 इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जा रही हैं। जून माह से 10 बसें सड़कों पर चलने लगेंगी, जिनके रुट तय किए जा चुके हैं। इन बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन भी बनाए जा चुके हैं। बसें बढ़ने पर कई शहरों में यह बसें चलाइए जाएंगी। कल्याण पश्चिम के शहाड में ट्रांसपोर्ट भवन का निर्माण शुरू है जिसके बनने के बाद महानगरपालिका मुख्यालय के सामने स्थित कार्यालय को शहाड में शिफ्ट किया जाएगा। सर्वे नम्बर-243 पर इसका निर्माण शुरू किया गया है और ऐसी योजना बनाई गई है कि इस इमारत का कुछ हिस्सा किराये पर देकर मेंटनेंस का खर्च भी निकाला जा सकेगा। कुल 18 हजार वर्ग मीटर में ट्रांसपोर्ट भवन को आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाया जा रहा हैं।

कल्याण दर्शन की बसों को नहीं मिल रहा प्रतिसाद 

कल्याण दर्शन की बसों की भी शुरुवात 2021 में की गई थी एक ऐतिहासिक शहर होने के कारण लोगों को परिचित कराने के उद्देश्य से कल्याण-डोंबिवली से इस बस को चलाया गया था। 22 सीट की इस बस से एलईडी टीवी के माध्यम से घुमाए जा रहे स्थलों की जानकारी दी जाती हैं।  सुभेदार वाड़ा, अक्षत गणपति, पारनाका, दुर्गाणी किला, गणेश घाट, खिड़काली शिव मंदिर इस तरह कुल 17 स्थलों के दर्शन इस बस के माध्यम से कराया जाता है। दीपक सावंत ने बताया कि इस बस को अब तक अपेक्षा के हिसाब से अच्छा प्रतिसाद नहीं मिल रहा हैं।

उल्हासनगर, बदलापुर, अंबरनाथ और मुंबई के लिए बस सेवाएं होंगी संचालित

डिपो के व्यवस्थापक संदीप भोसले ने कहा कि महानगरपालिका के परिवहन विभाग की भंगार पड़ी बसों के कारण काफी किरकिरी होती थी, जिनकी संख्या को कम करने के लिए अप्रैल माह में 69 बसों की नीलामी की गई है, वहीं शासन के आदेशानुसार 48 बसों की नीलामी कल्याण आरटीओ के माध्यम से की गई है। आरटीओ ने उन बसों की नीलामी की है जिनकी अवधि 15 वर्षों से अधिक हो चुकी थी। परिवहन विभाग में कुल 586 कर्मचारी कार्यरत हैं आने वाले दिनों में भिवंडी, उल्हासनगर, बदलापुर, अंबरनाथ और मुंबई के लिए भी सीधी बस सेवाएं यहां से संचालित की जाएंगी। इसके लिए संबंधित महानगरपालिकाओं से अनुमति ली गई हैं, लेकिन शासन की मंजूरी मिलने का इन्तज़ार किया जा रहा है।