भिवंडी में महानगरपालिका सफाई कर्मी की पिटाई, सफाई कर्मियों में भारी आक्रोश

    Loading

    भिवंडी: दो दिन पूर्व ही अमरावती महानगरपालिका कमिश्नर प्रवीण आष्टीकर पर स्याही फेंकने का मामला अभी थमा नहीं था कि भिवंडी महानगरपालिका ( Bhiwandi Municipal Corporation) में भी दिव्यांग सफाई कर्मचारी किशोर बलीराम पाटिल की शांति नगर (Shanti Nagar) क्षेत्र में एक युवक द्वारा लात घूंसों से पिटाई (‍Beaten) किए जाने का प्रकरण प्रकाश में आया है। घटना से संतप्त महानगरपालिका कर्मियों ने महानगरपालिका प्रशासन और शांति नगर पुलिस से शिकायत की बावजूद पुलिस द्वारा एफआईआर (FIR) दर्ज करने में की गई लापरवाही से आक्रोशित होकर महानगरपालिका मुख्यालय गेट के सामने आंदोलन किया गया। महानगरपालिका कामगार संघटना ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है, अन्यथा सोमवार से काम बंद आंदोलन की चेतावनी दी है। 

    मिली जानकारी के अनुसार, भिवंडी महानगरपालिका क्षेत्र शांति नगर परिसर स्थित गुलजार नगर एरिया में दिव्यांग सफाई कामगार किशोर बलीराम पाटिल झाडू लगाने का काम कर रहा था। साफ-सफाई से कचरा हवा में उड़कर रास्ते से गुजर रहे क्षेत्रीय युवक यूनुस खान के कपड़ों पर लग गया। कचरा कपड़े पर लगने से  आक्रोशित यूनुस खान नामक युवक ने दिव्यांग सफाई कर्मी किशोर पाटिल को गाली देते हुए लात-घूंसों से जमकर पिटाई की।

    सफाई कर्मी के शरीर पर कई चोटें आई 

    पिटाई से दिव्यांग सफाई कर्मी के शरीर पर कई चोटें आई हैं।  मारपीट से बुरी तरह घायल सफाई कर्मी पाटिल को उपचार के लिए आईजीएम अस्पताल ले जाया गया।  डॉक्टरों ने उपचार कर सफाई कर्मी को घर भेज दिया है।  

    महानगरपालिका मुख्यालय के गेट पर प्रदर्शन

    हादसे की जानकारी मिलते ही महानगरपालिका कामगार संघटना प्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय महानगरपालिका प्रभाग अधिकारी शांति नगर पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत की बावजूद पुलिस शिकायत दर्ज करने में आनाकानी की।  पुलिस के टालमटोल रवैया से आहत महानगरपालिका कर्मियों ने महानगरपालिका मुख्यालय गेट के समक्ष दोपहर के बाद आंदोलन कर विरोध दर्ज कराया।  महानगरपालिका अधिकारियों और सफाई कर्मियों ने सोमवार तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। 

    आरोपी की जल्द हो गिरफ्तारी

    महानगरपालिका कमिश्नर सुधाकर देशमुख के नेतृत्व में महानगरपालिका मुख्यालय गेट के समक्ष हुए आंदोलन में महानगरपालिका उपायुक्त दीपक झिंजाड, सहायक आयुक्त प्रीती गाडे,प्रणाली घुगे,शहर अभियंता लक्ष्मण गायकवाड, जनसंपर्क अधिकारी मिलिंद पलसुले, लेबर फ्रंट यूनियन अध्यक्ष एड. किरण चेन्ने सहित सभी प्रभाग समिति सहायक आयुक्त,विभाग प्रमुख, लेबर फ्रंट कामगार संघटना महासचिव संतोष चव्हाण, महेंद्र कुंभारे सहित भारी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, यूनियन पदाधिकारी मौजूद थे। महानगरपालिका कमिश्नर देशमुख ने पुलिस विभाग से आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।