Traffic changes in Pune
(फाइल फोटो)

Loading

ठाणे: मुख्यमंत्री के शहर ठाणे (Thane) को यातायात की गंभीर समस्या से निजात दिलाने के लिए कई योजनाएं तैयार की गईं हैं। इनमें से एक शहर के सबसे व्यस्त जंक्शन तीन हाथ नाका (Teen Hath Naka) को ट्रैफिक फ्री (Traffic Free) बनाने के लिए अंडरपास (Underpass) बनाया जाएगा। इस बहुद्देश्यीय प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी एमएमआरडीए (MMRDA) को दी गई है।

तीन हाथ नाका ठाणे शहर के सबसे व्यस्त जंक्शनों में से एक है। इस चौराहे पर ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे सहित शहर की 6 सड़कें आपस में मिलती हैं। ईस्टर्न एक्सप्रेस के साथ मुंबई से एलबीएस मार्ग और ठाणे रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क भी जुड़तीं हैं। पिछले कुछ वर्षों में यहां यातायात में भारी वृद्धि हुई है, जिससे वाहनों की लंबी लाइन और जाम लगा रहता है।

1.2 किमी का सेपरेटर

तीन हाथ नाका पर नियोजित वाहन सब वे या सेपरेटर ईस्टर्न एक्सप्रेस फ्लाईओवर जंक्शन के नीचे एलबीएस रोड पर कशिश पार्क से हरिनिवास सर्किल तक होगा। बेहतर यातायात के लिए पुराने रोड को भी सुधारा जाएगा। इस 1.2 किलोमीटर लंबे अंडरपास की अनुमानित लागत 207.94 करोड़ रुपए आंकी गई है। बताया गया है कि इस अंडरपास के निर्माण का डीपीआर तैयार है। कंसल्टेंट नियुक्त करने विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट के आधार पर क्रियान्वित करने के लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल जारी किया गया है। बाद के चरण में इंजीनियरिंग फर्मों से सिविल निर्माण कोटेशन मंगाया जाएगा। अंडरपास का निर्माण कार्य इस साल के अंत तक शुरू होने की संभावना है।

प्रति घंटे 10 हजार वाहन

एक यातायात सर्वेक्षण के अनुसार, तीन हाथ जंक्शन पर सुबह और शाम पीक ऑवर्स के दौरान 10,000 वाहनों की आवाजाही प्रति घंटे होती है। इसके अतिरिक्त इस जंक्शन को  प्रति घंटे 3,000 से अधिक पैदल यात्री पार करते हैं। इसलिए ग्रेड सेपरेटेड ट्रैफिक मूवमेंट की जरूरत है। मनपा ने ग्रेड सेपरेटर की योजना बनाई है। 

और बढ़ेगी ट्रैफिक

उल्लेखनीय है कि तीन हाथ जंक्शन पर ही वडाला और गायमुख के बीच मुंबई मेट्रो लाइन-4 का भी निर्माण कार्य चल रहा है। मेट्रो शुरू होने के बाद इस परिसर में ट्रैफिक का मूवमेंट और बढ़ जाएगा।