
मुंबई: मुंबई (Mumbai) के पूर्वी उपनगर घाटकोपर (Ghatkopar) में एक चॉल की दीवार ढहने (Wall Collapse) से तीन लोग मामूली रूप से घायल हो गए। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि, गुरुवार की करीब रात ड़ेढ बजे चिराग नगर पुलिस थाने के निकट एलबीएस मार्ग पर मक्की बाजार में एक चॉल की दीवार ढह गई, जिससे तीन लोग अल्ताफ शेख (35), रिजवान कलानिगी (19) और नूरजहां अंसारी (35) घायल हो गए। घायलों को रजवाडी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
बीएमसी ने बताया कि पिछले 24 घंटे में मुंबई में दीवार और मकान ढहने की 11 घटनाएं हुई हैं। पिछली रात मुलुंड में एक दीवार ढहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।
बीएमसी के मुताबिक, शहर के पूर्वी उपनगरों में 24 घंटे में 110.07 मिलीमीटर बारिश, पश्चिमी उपनगरों में 75.36 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शहर में सार्वजनिक परिवहन सेवा सामान्य है।