Former Speaker of Odisha Assembly Maheshwar Mohanty passes away
ओडिशा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष महेश्वर मोहंती (फाइल फोटो)

Loading

भुवनेश्वर: बीजू जनता दल (BJD) के वरिष्ठ नेता और ओडिशा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष महेश्वर मोहंती (Maheshwar Mohanty) का मंगलवार को  एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उन्होंने 67 साल के उम्र में अपनी आखिरी सांस ली। सूत्रों के मुताबिक वह ब्रेन स्ट्रोक से पीड़ित थे।

1 नवंबर को अस्पताल में कराया गया था भर्ती
अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि ब्रेन स्ट्रोक से पीड़ित होने के बाद उन्हें एक नवंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और मंगलवार को तड़के करीब तीन बजकर 25 मिनट पर उन्होंने अंतिम श्वांस ली। पूर्व मंत्री रहे मोहंती के परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं।

पांच बार पुरी से बने MLA 
मोहंती पांच बार पुरी निर्वाचन क्षेत्र से ओडिशा विधानसभा के लिए चुने गए। उन्होंने 1995 में जनता दल के उम्मीदवार के रूप में और 2000, 2004, 2009 और 2014 में बीजद उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव सफलतापूर्वक लड़ा था। 

इन विभागों के रहे मंत्री
26 फरवरी, 1956 को जन्मे मोहंती ने नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी काम किया था और 2011 और 2019 के बीच पंचायती राज, राजस्व, कानून और पर्यटन विभाग जैसे विभाग संभाले थे। वह 2004 से 2008 तक विधानसभा अध्यक्ष रहे।

 नवीन पटनायक ने शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक (Naveen Patnaik) ने मोहंती के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें उच्च संगठनात्मक कौशल वाला लोकप्रिय नेता बताया। पटनायक ने कहा कि एक विधायक और मंत्री के रूप में उन्होंने पुरी के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।