Amit Malviya BJP IT Cell

Loading

बेंगलुरु: कर्नाटक (Karnataka) में कांग्रेस के एक नेता की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) विभाग के प्रमुख अमित मालवीय (Amit Malviya) के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की है। कांग्रेस नेता का आरोप है कि मालवीय ने कांग्रेस और राहुल गांधी का मजाक उड़ाते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर वैमनस्य को बढ़ावा दिया और लोगों को उकसाने का काम किया।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि मालवीय द्वारा किए गए एक ट्वीट के सिलसिले में कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के सदस्य रमेश बाबू ने यह शिकायत दर्ज कराई थी। ट्वीट के साथ साझा किए गए एक एनीमेटेड वीडियो में कथित रूप से राहुल गांधी और कांग्रेस को खराब तरीके से दर्शाया गया है।

प्राथमिकी के अनुसार, मालवीय ने वीडियो ट्वीट करते हुए साथ में लिखा, ‘‘राहुल गांधी खतरनाक हैं और वे प्रपंच कर रहे हैं तथा सैम पी जैसे लोग अधिक खतरनाक हैं जो ‘रागा’ का राग अलाप रहे हैं। वे भारत के कट्टर विरोधी हैं, वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शर्मिंदा करने के लिए विदेशों में भारत को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं।”

पुलिस ने बताया कि मालवीय के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं 153 (ए), 120 (बी), 505 (2) और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है, जो धर्म, जाति, जन्म स्थान, निवास, भाषा के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने और ‘सद्भाव बनाए रखने के लिए पूर्वाग्रहयुक्त कार्य करने’ और साजिश से संबंधित है।

प्राथमिकी दर्ज होने के तुरंत बाद, मालवीय ने उसी ट्वीट को एक कैप्शन के साथ फिर से पोस्ट किया, ‘‘राहुल गांधी विदेशी ताक़तों का मोहरा?” बेंगलुरु दक्षिण से सांसद तेजस्वी सूर्या ने ट्वीट किया, ‘‘श्री अमित मालवीय के खिलाफ दर्ज की गई प्राथमिकी राजनीति से प्रेरित है। स्पष्ट है।”

सूर्या ने कहा, ‘‘राहुल गांधी के खिलाफ उनके कथित बयान के लिए भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 153ए और 505 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उपरोक्त दोनों धाराएं समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने से संबंधित हैं। तो, राहुल गांधी क्या हैं? एक व्यक्ति या एक समूह या एक वर्ग? हम इसे अदालत में चुनौती देंगे और न्याय सुनिश्चित करेंगे।”

शिकायत दर्ज कराने के लिए 19 जून को बाबू के साथ गए कर्नाटक सरकार के मंत्री प्रियंक खरगे ने आज यहां संवाददाताओं से कहा कि जब भी भाजपा को कानून का दंश झेलना पड़ता है तो वह हायतौबा मचाती है। उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें (भाजपा को) देश के कानून का पालन करने से समस्या है और उन्हें संविधान से समस्या है। और अगर हम कानून या संविधान लागू करते हैं तो उन्हें इससे भी समस्या है।”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे प्रियंक ने कहा, ‘‘मैं भाजपा से पूछना चाहता हूं कि मालवीय के खिलाफ प्राथमिकी का कौन सा हिस्सा गलत इरादे से दर्ज किया गया है। वीडियो का निर्माता कौन है? वीडियो फैलाने वाला कौन है? सोशल मीडिया पर इसे कौन फैला रहा है? यह झूठ कौन फैला रहा है? मैंने कर्नाटक के लोगों से वादा किया है कि फर्जी खबरों (फेक न्यूज) पर लगाम लगाई जाएगी।”