Huirem Herodas Meitei, main Accused of Manipur Nude Women Case
मुख्य आरोपी हुइरेम हेरोदास मेइतेई

Loading

नई दिल्ली/इंफाल. मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाए जाने की घटना के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने आरोपी की तस्वीर जारी की है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक आरोपी का नाम हुइरेम हेरोदास मेइतेई है।

न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने सरकार के सूत्रों का हवाला देते हुए बताया, “मुख्य आरोपी को उचित पहचान के बाद आज सुबह एक ऑपरेशन में गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने हरे रंग की टी-शर्ट पहनी हुई थी और महिला को पकड़ रखा था। आरोपी का नाम पेची अवांग लीकाई निवासी हुइरेम हेरोदास मेइतेई (32 वर्ष) है।”

4 मई की घटना

इससे पहले एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि वह थौबल जिले का रहने वाला है। बुधवार शाम को ऑनलाइन सामने आए वीडियो की मदद से उसे गिरफ्तार किया गया। वायरल वीडियो में आरोपी हरे रंग की टी-शर्ट पहने हुए दिखाई दे रहा है, जिसमें एक युद्धरत समुदाय की दो महिलाओं को दूसरे पक्ष के कुछ पुरुषों द्वारा नग्न परेड करते हुए दिखाया गया है। यह घटना कथित तौर पर 4 मई की है लेकिन कल ही सामने आई।

मौत की सजा की संभावना पर किया जा रहा विचार: CM

मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा कि समाज में ऐसे घृणित कृत्यों के लिए कोई जगह नहीं है। सिंह ने ट्वीट किया, “मुझे उन दो महिलाओं के लिए दुख है, जिनके साथ बेहद अपमानजनक और अमानवीय कृत्य किया गया, जैसा कि कल सामने आए वीडियो में दिख रहा है। वीडियो सामने आने के तुरंत बाद घटना का स्वत: संज्ञान लेते हुए मणिपुर पुलिस हरकत में आई और आज सुबह पहली गिरफ्तारी की।” सिंह ने कहा, “इस समय गहन जांच जारी है और सभी अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और मौत की सजा की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है। यह पता होना चाहिए कि हमारे समाज में इस प्रकार के जघन्य कृत्यों के लिए कोई स्थान नहीं है।”

राष्ट्रीय महिला आयोग ने घटना का स्वत: संज्ञान लिया

राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने इस घटना का स्वत: संज्ञान लिया है और राज्य पुलिस प्रमुख को मामले में त्वरित कार्रवाई करने को कहा है। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा कि उन्हें सूचित किया गया है कि मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आरोपियों को भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

मणिपुर में तनाव

चार मई का यह वीडियो बुधवार को सामने आने के बाद से मणिपुर के पहाड़ी क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया है। इस वीडियो में दिख रहा है कि विरोधी पक्ष के कुछ व्यक्ति एक समुदाय की दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमा रहे हैं। ‘इंडिजीनियस ट्राइबल लीडर्स फोरम’ (आईटीएलएफ) के गुरुवार को प्रस्तावित मार्च से एक दिन पहले यह वीडियो सामने आया है।

मणिपुर हिंसा में 150 से अधिक मौतें

उल्लेखनीय है कि मणिपुर में अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की मांग को लेकर मेइती समुदाय द्वारा पहाड़ी जिलों में तीन मई को आयोजित ‘ट्राइबल सॉलिडारिटी मार्च’ (आदिवासी एकजुटता मार्च) वाले दिन मणिपुर में जातीय हिंसा भड़क गई और अभी तक इसमें 150 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है जबकि तमाम लोग घायल हुए हैं। मणिपुर में मेइती समुदाय की आबादी करीब 53 प्रतिशत है और वे मुख्य रूप से इंफाल घाटी में रहते हैं। वहीं, नगा और कुकी समुदाय के आदिवासियों की आबादी 40 प्रतिशत है और वे पहाड़ी जिलों में रहते हैं।