नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को समर्पित है मिशन शक्ति: नंद गोपाल गुप्ता नन्दी

Loading

  • महिलाओं और बेटियों को सशक्त बनाना हमारी सरकार का मुख्य उद्देश्य
  • अब स्लम बस्तियों में रहने वाली बेटियां भी बढ़ रही हैं आगे
  • नवरात्रि की षष्ठी तिथि पर मंत्री नन्दी ने स्लम बस्ती में रहने वाली कन्याओं का किया पूजन
  • मिशन शक्ति के तहत बेटियों को किया गया जागरूक

 लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी (Nand gopal Nadi) ने शुक्रवार को मां भगवती की उपासना के पावन पर्व नवरात्रि की षष्ठी तिथि पर यमुना नदी के किनारे बोट क्लब के बगल में विशाल संकल्प संस्था द्वारा मिशन शक्ति के तहत आयोजित कन्या पूजन कार्यक्रम में सम्मिलित होते हुए स्लम बस्तियों में रहने वाली बेटियों का पूजन किया। मंत्री नन्दी ने करीब ढाई सौ से अधिक बेटियों को उपहार प्रदान करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं बेटियों को मिशन शक्ति से अवगत कराया, जो स्लम बस्तियों से बाहर निकलकर बेहतर शिक्षा ग्रहण करने के साथ ही अन्य हुनर भी सीख रही हैं। मंत्री नन्दी ने आयोजन के लिए एवं बेटियों के उत्थान के लिए पिछले कई वर्षों से लगातार कार्य कर रही डॉ. अंजली केशरी जी को बधाई व शुभकामनाएं दी।

मंत्री नन्दी ने कहा कि आज के समय में शिक्षा और जागरूकता ही एक ऐसा माध्यम है, जिसके माध्यम से पूरे जग में उजियारा फैलाया जा सकता है। हर किसी को उसका अधिकार दिलाने के साथ ही उसके जीवन को बेहतर से बेहतर बनाया जा सकता है और डॉ.अंजली केशरी स्लम बस्तियों में रहने वाली बेटियों को शिक्षित करने के साथ ही उन्हें जागरूक करने का कार्य कर रही हैं। मंत्री नन्दी ने कहा कि कन्यापूजन एक मनोवैज्ञानिक त्यौहार है। स्लम बस्ती में रहने वाली बेटियों को दैवीय संस्कार देना आसान नहीं था, लेकिन इन बस्तियों में रहने वाली करीब 300 से ज्यादा बेटियां विशाल संकल्प संस्था के माध्यम से पढ़ाई के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में हुनर सीख रही हैं।
 
मंत्री नन्दी ने कहा कि अब बेटियां किसी भी मायने और किसी भी क्षेत्र में बेटों से पीछे नहीं हैं। दृढ़ इच्छाशक्ति और सरकार व प्रशासन के सहयोग से महिलाएं उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं। योगी आदित्यनाथ की सरकार में बेटियां हर क्षेत्र में खुद को पहले से ज्यादा सुरक्षित और  सशक्त महसूस कर रही हैं। मंत्री नन्दी ने कहा कि महिलाओं के साथ ही बेटियों के उत्थान में उत्तर प्रदेश सरकार कहीं भी पीछे नहीं है। मंत्री नन्दी ने कहा कि नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को समर्पित मिशन शक्ति के चौथे चरण की शुरुआत अभी हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की है। जिसका उद्देश्य बेटियों को और अधिक सशक्त व मजबूत बनाना है।