ओडीओपी जैसी इको टूरिज्म की ओडीओडी परियोजना, अयोध्या की समदा झील व बाराबंकी का भगहर शामिल

    Loading

    -राजेश मिश्र

    लखनऊ : उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) की तरह अब प्रदेश के हर जिले के एक वन्यजीवों (Wildlife) के लिए लोकप्रिय क्षेत्र का विकास किया जाएगा। वन विभाग (Forest Department) की इस परियोजना को वन डिस्ट्रिक वन डेस्टिनेशन (ओडीओडी) का नाम दिया गया है। 

    प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि परियोजना के तहत ईको टूरिज्म हब विकसित करने की तैयारी है जिसके तहत पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। योगी सरकार जल्दी ही प्रदेश में इको टूरिज्म बोर्ड का भी गठन करेगी जिसका काम इस तरह के पर्यटन के लिए जरुरी सुविधाएं विकसित करना और नए स्थलों की खोज करना होगा। ओडीओडी परियोजना के तहत प्रदेश में अब तक 56 जिलों के इको टूरिस्ट स्थलों का चयन हो चुका है। इन स्थलों के चयन का काम वन विभाग ने ही किया है। इनमें हाल ही में पुनर्जीवित की गयी अयोध्या की समदा झील और बाराबंकी जिले की भगहर वेटलैंड भी शामिल है। 

    ओडीओडी के तहत होगा विकास

    प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर वन विभाग प्रदेश के हर जिले से ऐसे संभावनाओं वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर रहा है जिनका ओडीओडी के तहत विकास किया जाएगा। अब तक मऊ, शाहजहांपुर, बस्ती, हाथरस, हमीरपुर, अमेठी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, फतेहपुर, जौनपुर, कौशांबी, आजमगढ़, अंबेडकरनगर, कानपुर, गोरखपुर सहित 56 जिलों से स्थल चिह्नित कर उसके प्रस्ताव शासन को भेजे जा चुके हैं। 

    ओडीओडी के तहत शामिल किए स्थानों में लखीमपुर खीरी का दुधवा राष्ट्रीय उद्यान, चंदौली में चन्द्रप्रभा वन्य जीव विहार, बहराइच का कतर्नियाघाट वन्य जीव विहार, चित्रकूट का रानीपुर वन्य जीव विहार, ललितपुर का महावीर स्वामी वन्य जीव विहार, आगरा का सूरसरोवर पक्षी विहार, मिर्जापुर में कैमूर वन्य जीव विहार, मेरठ का हस्तिनापुर वन्य जीव विहार, बिजनौर का अमानगढ़ टाइगर रिजर्व और बलरामपुर में सोहेलवा वन्य जीव विहार प्रमुख हैं। इसके अलावा वाराणसी का कछुआ प्रजनन केन्द्र, पीलीभीत टाइगर रिजर्व, उन्नाव में नवाबगंज पक्षी विहार, रायबरेली का समसपुर पक्षी विहार, कन्नौज में लाखबहोसी पक्षी विहार, हरदोई का साण्डी पक्षी विहार और नोयडा का ओखला पक्षी विहार भी ओडीओडी में शामिल किया गया है। 

    अन्य स्थलों में मैनपुरी से समान पक्षी विहार, गोंडा का पार्वती अरगा पक्षी विहार, महोबा-विजय सागर पक्षी विहार, एटा-पटना पक्षी विहार, प्रतापगढ़-डॉ. भीमराव अम्बेडकर पक्षी विहार, अलीगढ़-शेखा झील अलीगढ़, लखनऊ प्राणि उद्यान, कानपुर प्राणि उद्यान और गोरखपुर प्राणि उद्यान शामिल किए गए हैं। इटावा का लॉयन सफारी इटावा और बरेली का मिनी जू इज्जत नगर और अम्बेडकर नगर का दखन झील भी ओडीओडी में शामिल हैं।