विघ्नहर्ता ने बचाया, लहरों में बहा 13 साल का बच्चा, 26 घंटे गणेशमूर्ति को पकड़ कर लड़ता रहा जिंदगी की जंग- वीडियो

Loading

नई दिल्ली: कहते है ना जिसके सिर पर भगवान का हाथ होता है उसे काल भी नहीं मार सकता। कुछ ऐसी ही एक चौंकाने वाली घटना सूरत से सामने आई है, जो किसी चमत्कार से कम नहीं है। जी हां यहां के डुमास तट पर एक ऐसी घटना हुई है जिसे चमत्कार कह रहे है। दरअसल 13 साल का लड़का लहरों में बह गया, इस बीच वह लगातार 26 घंटे तक समुद्र में मौत से लड़ता रहा रहा। इसके बाद जो हुआ वह हर किसी को चौंका रहा है। 

26 घंटे पानी में रहने के बाद बचा बच्चा 

दरअसल ये बच्चा अपने भाई की जान बचाने के लिए समुद्र तट पर उतरा था जो बह गया। बह जाने के बाद भी बच्चे ने हिम्मत नहीं हारी और खुद को बचाने के लिए वो गणेश जी जिस पर बैठते है उस लकड़ी के तख्ते से चिपका रहा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लखन देवीपूजक 29 सितंबर की दोपहर को अपने छोटे भाई करण (12 साल) और बहन अंजलि (8 साल) और दादी सेवंताबेन देवीपूजक के साथ समुद्र तट पर खेल रहे थे। तभी तेज लहरें दोनों लड़कों को समंदर में खींच ले गई जिसके बाद यह दिल दहला देने वाली घटना हुई है। 

मौत के बीच उम्मीद 

इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए बच्चों के चाचा विजय देवीपूजक ने बताया कि ”लखन पहले करण को पकड़कर किनारे के पास लाने में कामयाब रहा। तभी अचानक तेज लहर ने लाखन को वापस समुद्र में खींच लिया। यह दोपहर के करीब 1.30 बजे का वक्त था। उसकी दादी मदद के लिए चिल्लाईं और कुछ युवक पानी में उतर गए, लेकिन उन्हें खोज नहीं पाए।  दमकल विभाग और डुमास पुलिस को सतर्क कर दिया गया और तलाशी की गई, लेकिन लखन का कोई पता नहीं चला। 30 सितंबर को दोपहर 3 बजे के आसपास नवसारी जिले के भट गांव के एक मछुआरे रसिक टंडेल अपने सहायकों के साथ तट से दूर एक नाव पर थे। तभी कुछ ही दूरी पर उनको कुछ नजर आया।”

 

जांबाज बच्चे की हिम्मत को दाद

आगे उन्होंने कहा कि  ”करीब जाने पर उन्होंने देखा कि कोई हाथ हिला रहा है। वे लोग चौंक गए कि एक लड़का समुद्र के बीच में बिना नाव और केवल लकड़ी के सहारे कैसे था। फिर टंडेल ने उसके लिए रस्सी फेंकी और उसे नाव पर खींच लिया। हमने उसके धैर्य की प्रशंसा की, जो उसने 26 घंटे तक जीवित रहने के लिए किया। नाव पर उसे पानी और चाय, एक जोड़ी कपड़े और एक कंबल दिया गया।”

 

बच्चे ने बताई कैसे हुई घटना 

इस पूरी घटना के बाद लड़के ने बताया कि कैसे वह अपने भाई को बचाते समय पानी में बह गया। फिर आपबीती सुनाने के बाद उस बच्चे ने अपने पिता और चाचा का नंबर शेयर किया। नाविकों ने वायरलेस सेट के जरिए उन नाविकों से बात की, जो नवसारी में ढोलई बंदरगाह लौट रहे थे। समुद्री पुलिस को सतर्क कर दिया गया और उसके माता-पिता का नंबर दिया गया। अब बच्चा स्वस्थ है। इस वीडियो को देख हर कोई भगवान गणेश का चमत्कार बता रहे है।