helicopter
Representative Image

Loading

नई दिल्ली. नेपाल (Nepal) से मिली एक खबर के अनुसार आज मंगलवार को जहां एक हेलिकॉप्टर (Helicopter Crash) माउंट एवरेस्ट के करीब लापता हो गया था। वहीं अब मिली खबर के अनुसार खोजी दल को लापता हेलीकॉप्टर का मलबा मिला, पांच शव भी बरामद हुए हैं। जिस वक्त हेलिकॉप्टर से संपर्क टूटा उस दौरान वो 12 हजार फीट से ऊपर की ऊंचाई पर उड़ान भर रहा था। वहीं लापता हेलिकॉप्टर की आखिरी लोकेशन लामजुरा पास के नजदीक बताई जा रही थी।

मामले पर नेपाल पुलिस ने बताया कि, खोजी दल को लापता हेलीकॉप्टर का मलबा मिला है, वहीं अब तक पांच शव भी बरामद हुए हैं। मामले पर कोशी प्रांत पुलिस के डीआइजी राजेशनाथ बस्तोला ने जानकारी दी कि, ” दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर लिखु पीके ग्राम परिषद और दुधकुंडा नगर पालिका -2 की सीमा पर पाया गया है जिसे आमतौर पर लामाजुरा डांडा कहा जाता है। ग्रामीणों ने अब तक 5  शव बरामद कर लिए हैं।” पुलिस के अनुसार, ऐसा लगता है कि हेलीकॉप्टर पहाड़ी की चोटी पर किसी पेड़ से टकरा गया होगा।DIG बस्तोला ने कहा, “बरामद किए गए शवों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।”

गौरतलब है कि, नेपाल विमान अधिकारियों के मुताबिक, मनांग एयर के हेलिकॉप्टर ने सुकरी से काठमांडू के लिए आज सुबह 10:04 बजे उड़ान भरी थी। नेपाल सिविल एविएशन अथॉरिटी के अधिकारी ग्यानेंद्र भुल ने कहा उड़ान भरने के 10 मिनट बाद ही 10:13 बजे हेलिकॉप्टर का संपर्क कंट्रोल टावर से टूट गया और यह राडार से गायब हो गया था। वहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक, हेलिकॉप्टर को सीनियर कैप्टन छेट गुरुंग उड़ा रहे थे। उनके अलावा इसमें 5 विदेशी नागरिक सवार थे, जो मैक्सिको के बताए जा रहे हैं।

जानकारी दें कि, इससे पहले बीते जनवरी में भी नेपाल में एक बड़ा विमान हादसा हुआ था, जिसमें 68 लोगों की मौत हो गई थी। यति एयरलाइंस का प्लेन काठमांडू से 205 किमी दूर पोखरा में क्रैश हो गया था। यह ATR-72 प्लेन था, जिसमें 68 यात्री और चार क्रू मेंबर सवार थे। वहीं मारे गए 68 यात्रियों में से 53 नेपाली, 5 भारतीय, 4 रूसी, एक आयरिश, दो कोरियन, एक अफगानी और एक फ्रेंच नागरिक थे।