ukraine
File Photo

    Loading

    कीव. रूस (Russia) और यूक्रेन (Ukraine) सेनाओं के बीच जंग तेज हो गई है। रूसी सेना (Russian Army) लगातार आगे बढ़ रही है और यूक्रेन में तबाही मचा रही है। जंग के तीसरे दिन रुसी सेना ने यूक्रेन की राजधानी कीव (Kyiv) पर बड़ा हमला किया है। जिसमें कई रिहायशी इमारतों और इलाकों को नुकसान पहुंचा। यूक्रेन के स्वास्थ्य मंत्री (Health Minister of Ukraine) ने कहा कि, रूसी सेना ने अब तक 198 लोगों की हत्या की है। जिसमें तीन बच्चे शामिल हैं। जबकि, इस जंग में 1,115 लोग घायल हुए हैं।

    यूक्रेन ने तीसरी बार भारत से मांगी मदद

    यूक्रेन में जंग के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की (Ukraine President Volodymyr Zelenskyy) ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) से फोन पर बात की और मदद मांगी। यह तीसरी बार है जब यूक्रेन ने भारत से रूस को मनाने के लिए मदद मांगी है।

    जेलेंस्की ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर ट्वीट किया, “मैंने प्रधानमंत्री मोदी से मदद मांगी है। हमारे देश पर एक लाख घुसपैठियों ने हमला कर दिया है। हमारे घरों और जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। रिहायशी इलाके जल रहे हैं। आप इस मुश्किल वक्त में हमारी राजनीतिक और बाकी मदद कीजिए। हम चाहते हैं कि UN सिक्योरिटी काउंसिल में आप यूक्रेन का साथ दें। हम सबको मिलकर इस हमलावर का सामना करना चाहिए।”

    रुसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात कर चुके हैं पीएम मोदी

    ज्ञात हो कि, दो दिन पहले भारत में यूक्रेन के राजदूत ने भारतीय प्रधानमंत्री मोदी से युद्ध रोकने के लिए रूस के राष्ट्रपति से बात करें का आग्रह किया था। जिसके बाद पीएम ने पुतिन से बात की थी। इस दौरान मोदी ने तत्काल युद्ध पर रोक लगाने के मांग करते हुए बातचीत से मुद्दे सुलझाने का आग्रह किया था।

    800 यूक्रेन सैन्य ठिकान तबाह

    वहीं, रूस ने दावा किया है कि उसने 800 यूक्रेन सैन्य ठिकानों को तबाह कर दिया है। जिनमें 14 सैन्य हवाई क्षेत्र, 19 कमांड पोस्ट, 24 एस-300 एंटी-एयरक्राफ्ट मिसाइल सिस्टम और 48 रडार स्टेशन शामिल हैं। इसके अलावा 8 नौकाएं भी नष्ट कर दी गई है।

    यूक्रेन सेना ने 3500 रूसी सैनिकों को मार गिराया

    मीडिया ख़बरों के अनुसार रूस ने यूक्रेन के मेलिटोपोल शहर पर कब्जा कर लिया है। वहीं, यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने 3500 रूसी सैनिकों, 2 टैंक, 14 विमान और 8 जंगी हेलिकॉप्टर्स को मार गिराया है।

    ब्रिटेन और अमेरिका सहित कुल 28 देश करेंगे मदद

    उधर, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने दावा किया है कि उनकी मदद के लिए ब्रिटेन और अमेरिका सहित कुल 28 देश आगे आए हैं। ये सभी रूस का सामना करने के लिए हथियार और दूसरे मिलिट्री इक्विपमेंट्स मुहैया कराएंगे। नीदरलैंड यूक्रेन की मदद के लिए 200 एंटी-एयरक्राफ्ट मिसाइल देगा। वहीं, फ्रांस ने यूक्रेन को 300 मिलियन यूरो की सहायता और मिलिट्री इक्विपमेंट भेजने की पेशकश की है।

    Photos Credit: AP/PTI