Cold
File Pic

    Loading

    गोंदिया. जिले में कड़ाके की सर्दी का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा. अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो विदर्भ में सबसे कम दर्ज किया गया.

    वहीं नागपुर का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री व न्यूनतम   8.4 डिग्री सेल्सियस, वर्धा अधिकतम तापमान 25.8  डिग्री व न्यूनतम 8.4 डिग्री सेल्सियस, चंद्रपुर अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री व 10 न्यूनतम डिग्री सेल्सियस तथा यवतमाल अधिकतम तापमान 30.5डिग्री व न्यूनतम 9  डिग्री सेल्सियस रहा. इससे पहले गुरुवार  को गोंदिया का अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री व न्यूनतम 8.8 डिग्री सेल्सियस था. 

     मौसम विभाग ने विदर्भ में कई भागों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया था जिसका असर अब दिख रहा है. मौसम विभाग की मानें तो विदर्भ के कई भागों में शीत लहर का क्रम लगातार जारी रह सकता है. इसमें कोल्डवेव के असर की आशंका व्यक्त की गई थी. इस कारण पारे के ग्राफ में लगातार गिरावट देखी जा रही है. शीत लहर के चलते लोगों को भारी ठंड  का सामना करना पड़ रहा है और इससे बचने के लिए अब अलाव या रुम हीटर का सहारा लेना पड़ रहा है.

    जनजीवन पर असर

    लगातार कड़ाके की सर्दी का आम जनजीवन पर असर देखा जा रहा है. लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है,   बाजारों में भी सुबह-शाम आवाजाही कम दिखाई दे रही  है. धूप निकलने पर लोग जरूरी कामों से  बाहर निकल रहे हैं. शीतलहर से अधिकतम तापमान में निरंतर गिरावट आ रही और ठिठुरन भी बढ़ गई है.  ठंड के कारण कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहे है. उल्लेखनीय है कि  इन दिनों जिले में रबी धान फसल बुआई का कार्य चल रहा है. इसके अलावा  मूली, गोभी, पालक व अन्य तैयार सब्जियों की खेतों से निकासी का काम किया जाता है. हाड़ जाम कर देने वाली ठंड के कारण श्रमिक अधिक देर तक काम नहीं कर पा रहे.

    धूप निकली पर ठंड से राहत नहीं

    दिन में धूप  खिली दिखाई दी लेकिन इसके साथ ही ठंडी का क्रम जारी रहा. बुजुर्गों के साथ बच्चे और महिलाएं धूप सेंकते नजर आए. लोगों को उम्मीद थी कि मकर संक्रांति के बाद धीरे-धीरे सर्दी से निजात मिलनी शुरू हो जाएगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ. ठंड का सिलसिला लगातार  जारी है. विदर्भ में गोंदिया जिले का तापमान सबसे कम दर्ज किया गया है.