गोदरेज प्रॉपर्टीज को लेकर बड़ी खबर, सिडको ने नवी मुंबई में दो प्लॉट्स का आवंटन किया रद्द

Loading

नई दिल्ली: सिटी एंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ऑफ महाराष्ट्र लिमिटेड (CIDCO) ने गोदरेज प्रॉपर्टीज (Godrej Properties) को नवी मुंबई में दो भूखंडों का आवंटन रद्द कर दिया है। गोदरेज प्रॉपर्टीज ने मार्च 2021 में सिटी एंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (सिडको) द्वारा आयोजित ई-नीलामी के जरिए मुंबई में 166 करोड़ रुपये में करीब 1.5 एकड़ भूखंड खरीदा था।

कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि 11 अक्टूबर 2023 के एक पत्र के जरिए ‘‘ नवी मुंबई के सानपाड़ा दो भूखंडों के आवंटन को रद्द करने का आदेश जारी किया गया है।”

गोदरेज प्रॉपर्टीज ने कहा, ‘‘ हमारा मानना है कि यह कदम अपुष्ट आधार पर उठाया गया। यह तीन मई 2023 को बंबई उच्च न्यायालय ने गोदरेज प्रॉपर्टीज बनाम महाराष्ट्र राज्य शीर्षक वाली 2021 की रिट याचिका संख्या 2,475 में पारित आदेश का उल्लंघन है।”

गोदरेज प्रॉपर्टीज ने कहा कि इससे कंपनी की वित्तीय, परिचालन या अन्य गतिविधियों पर कोई भौतिक प्रभाव नहीं पड़ेगा। उसने कहा, ‘‘ हालांकि, कंपनी ने बंबई उच्च न्यायालय के समक्ष एक रिट याचिका दायर करके आवंटन रद्द करने के फैसले को चुनौती दी है।” (एजेंसी)