Seema Deo Passed Away
Photo - Social Media

Loading

मुंबई : एंटरटेनमेंट जगत (Entertainment World) से एक बुरी खबर सामने आ रही है। मराठी और हिंदी सिनेमा की लीजेंड एक्ट्रेस सीमा देव (Seema Deo) का आज, गुरुवार को निधन हो गया। एक्ट्रेस 83 साल की उम्र में 24 अगस्त, 2023 को अपनी आखिरी सांस लीं। एक्ट्रेस के निधन की पुष्टि खुद उनके बेटे और फिल्म डायरेक्टर अभिनय देव (Abhinay Deo) ने एक प्रतिष्ठित समाचार संस्थान से की।

सीमा देव के निधन की खबर से इंडस्ट्री में शोक की लहर है। वहीं फैंस से लेकर सेलेब्स भी सीमा देव के निधन पर शोक जाहिर करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। बता दें कि सीमा देव लंबे समय से अल्जाइमर्स की बीमारी से जूझ रही थीं। जिसकी जानकारी 2020 में, बेटे अभिनय ने अपने ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट में दिया था।

जिसमें उन्होंने लिखा था, “मेरी मां श्रीमती सीमा देव, मराठी फिल्म उद्योग की दिग्गज, अल्जाइमर से पीड़ित हैं।” एक्ट्रेस अपने बेटे अभिनय के साथ बांद्रा में स्थित घर में रह रही थीं। सीमा देव आखिरी बार 2021 में रिलीज हुई मराठी फिल्म ‘जीवन संध्या’ में नजर आई थीं। एक्ट्रेस ने अपने फिल्मी करियर में 80 से अधिक फिल्मों में एक्टिंग की थीं। सीमा देव हिंदी फिल्म ‘आनंद’, ‘कोरा कागज’, ‘भाभी की चूड़ियां’, ‘सुनहरा संसार’ और ‘कोशिश’ जैसी फिल्मों में भी नजर आई थीं। एक्ट्रेस फिल्म ‘आनंद’ में अमिताभ बच्चन की भाभी की भूमिका में दिखाई दी थीं।

सीमा देव की शादी 1963 में एक्टर रमेश देव से हुई थी। रमेश देव का 2 फरवरी, 2022 में 93 साल की उम्र में हार्ट अटैक से निधन हो गया था। वो कई फिल्मों और टीवी सीरियलों में काम कर चुके थे। सीमा और रमेश के दो बेटे अजिंक्य और अभिनय देव हैं। अजिंक्य देव मराठी सिनेमा के एक्टर हैं जबकि अभिनय देव एक मशहूर फिल्म डायरेक्टर हैं।