Akhilesh Yadav joined Bharat Jodo Nyay Yatra

Loading

नवभारत डिजिटल टीम: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में जारी भारत जोड़ो न्याय यात्रा (Bharat Jodo Nyay Yatra) उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के आगरा में पहुंची। इस दौरान आगरा में राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के साथ इस यात्रा में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) भी शामिल हुए। यात्रा के दौरान दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने अखिलेश और राहुल गांधी का शानदार स्वागत किया। अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक एक्स पर भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी के साथ एक तस्वीर शेयर की है। 

ये ‘आगरा’ है जनाब

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “नफरत करनेवालों को भी मोहब्बत सिखा देता है ये ‘आगरा’ है जनाब, जो दिलों को मिला देता है।” यात्रा के दौरान अखिलेश ने कहा, “आगरा शहर दुनिया में जाना जाता है। मुझे इस बात की खुशी है कि ये मोहब्बत की दुकान को लेकर चले हैं और यह पूरा शहर मोहब्बत का शहर है। आने वाले समय में लोकतंत्र और संविधान को बचाने की चुनौती हैं। हमें उम्मीद है कि INDIA गठबंधन और PDA की लड़ाई NDA को हराने का काम करेगी।”

हमारी लड़ाई संविधान बचाने की लड़ाई 

सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि राहुल गांधी देश में मोहब्बत की बात करते हैं लेकिन यह शहर पूरा मोहब्बत का शहर है। हमारी लड़ाई संविधान बचाने की लड़ाई है, बीजेपी हटाओ देश को बचाओ। हमारी लड़ाई तभी सफल होगी जब उत्तर प्रदेश में बीजेपी हारेगी 80 हराओ लोकतंत्र बचाओ। उन्होंने यह भी कहा कि आज सरकार के खिलाफ किसान खड़ा है। किसानों की ताकत से सरकार घबरा गई है। आने वाले समय में भाजपा हटेगी और INDIA गठबंधन की सरकार किसानों को सम्मान दिलाएगी। नौजवान अपनी डिग्री जलाकर आत्महत्या कर रहा है। कोई भर्ती ऐसी नहीं सरकार की जिसमे पेपर लीक न हुआ। ये जानबूझकर सरकार करती है क्योंकि वो रोजगार नहीं देना चाहते।

यूपी के 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस 

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन के बाद राहुल गांधी और अखिलेश यादव पहली बार एक साथ नजर आए है। कांग्रेस यूपी से 17 सीट पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी, इसकी आधिकारिक घोषणा भी हो गई है।   अन्य बाकी सीटों पर सपा और उनके समर्थित दल अपना उम्मीदवार उतारेंगे।