weather
Pic: Social Media

    Loading

    नई दिल्ली/मुंबई. इस साल फरवरी के ठंड पड़ने वाले महीने में ही मार्च की गर्मी (Hot Weather) का एहसास होने लगा है।  इतना ही नहीं अब सिर्फ मैदानी इलाकों में ही नहीं बल्कि पहाड़ी इलाकों में भी अभी से गर्मी ने दस्तक दे दी है।  इसी क्रम में महाराष्ट्र और गोवा में भी अभी से गर्मी की तपिश बढ़ने लगी है. ऐसे में देखा जाए तो देश में पहाड़ों से लेकर मैदानी और तटीय क्षेत्रों में मौसम के तेवर अब बहुत तीखे हैं। 

    क्या मैदान,क्या पहाड़, गर्मी से सभी जगह बुरा हाल

    मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में अब तापमान लगातार तेजी से बढ़ रहा है. इसके चलते अब सर्दी का असर अब अलसुबह और शाम ही दिख रहा है।  रात में भी अब पहले के मुकाबले सर्दी नहीं है। IMD के अनुसार,अगले 2 दिनों के दौरान राजस्थान, गुजरात के कई हिस्सों और महाराष्ट्र-गोवा तटों पर अधिकतम तापमान 37-39 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

    महाराष्ट्र-गोवा में बढ़ रही तपिश 

    ऐसे में अब  अगले 2 दिनों के दौरान गुजरात और महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होने की संभावना है और बाद के 3 दिनों के दौरान धीरे-धीरे 2-3 डिग्री की गिरावट आएगी। वहीं गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा में तापमान सामान्य से औसतन 5 से 10 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। 

    वहीं महाराष्ट्र के रत्नागिरी में 1969 के बाद पहली बार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। साथ ही मुंबई के सांताक्रूज में पारा 1969 के अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री का रिकॉर्ड तोड़ने के करीब है। शनिवार को यहां पारा 37.5 डिग्री भी दर्ज हुआ है।

    क्या भारत में हीट वेव तोड़ेगी सारे रिकॉर्ड

    इधर अन्य मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय मौसम विज्ञानीयों  का यह भी अनुमान है कि देश में इस साल हीट वेव रिकॉर्ड तोड़ सकती है। अब मौसम विज्ञानी ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि इस साल फरवरी में ही भुज में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच  चूका है, वहीं राजस्थान के कई शहरों में अधिकतम पारा 38 डिग्री के पार चल रहा है, महाराष्ट में भी गर्मी का वेग बढ़ता ही दिख रहा है। ऐसे में अब अनुमान है कि पूरे एशिया में सबसे पहले सर्वाधिक गर्मी इस बार भारत में पड़ सकती है। इस बार भारत की गर्मी के मुकाबले सऊदी अरब और मक्का का तापमान भी पीछे छुटने के कयास और पूर्वानुमान हैं।