
नई दिल्ली: देश में ओमीक्रोन (Omicron Updates in India) का तांडव लगातार जारी है। कोरोना के नए वेरिएंट से संक्रमित मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। भारत में ओमीक्रोन के कुल संक्रमितों की संख्या 415 पहुंच गई है। देश में ओमीक्रोन के मद्देनजर राज्य सरकारों ने नई गाइडलाइन जारी की है। ओमीक्रोन का सबसे अधिक तांडव महाराष्ट्र (Maharashtra) में देखने को मिल रहा है। यहां नए साल और क्रिसमस की पार्टी पर रोक लगाई गई है।
ज्ञात हो कि ओमीक्रोन के खतरे के मद्देनजर मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में भी नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। दिल्ली की बात की जाए तो यहां सरोजनी नगर मार्केट में बढ़ती भीड़ के कारण ऑड-ईवन नियम लागू किया गया है। इसी कड़ी में आप भी जानिए अपने राज्यों को क्या नया नियम लागू है।
वहीं महाराष्ट्र में ओमीक्रोन के चलते बीएमसी ने मुंबई में नए साल की पार्टियों पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है। जिसमें खुली या बंद जगहों पर लोगों के इकट्ठा होने पर रोक है। यह आदेश शुक्रवार रात 12 बजे से लागू हो गए हैं। साथ ही सरकार की तरफ से जारी गाइडलाइन में सभी सार्वजनिक स्थानों पर रात 9 से सुबह 6 बजे तक पांच से अधिक लोगों के इकट्ठा होने की अनुमति नहीं है। जबकि जिम, स्पा, होटल, सिनेमा हॉल में सिर्फ 50 फीसदी क्षमता के तहत जारी रहेंगी।
गुजरात सरकार ने सूबे के आठ शहरों में नाइट कर्फ्यू के समय को दो घंटे बढ़ाया है। सरकार द्वारा जारी आदेश के मुताबिक रात में कर्फ्यू 1 बजे से सुबह पांच बजे तक लागू रहेगा। उत्तर प्रदेश में भी सरकार ने क्रिसमस की आधी रात से ही नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है। सभी शहरों में रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक यह लागू रहेगा। ओडिशा की बात की जाए तो यहां भी दो जनवरी तक कई तरह के नियम लागू किये गए हैं। सूबे में नए साल का जश्न मनाने पर रोक है। साथ ही क्रिसमस के मौके पर चर्च में एंट्री भी 50 फीसदी ही हो सकेगी।
उल्लेखनीय है कि हरियाणा में ओमीक्रोन के कारण शनिवार रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। साथ ही बीजेपी सरकार ने इनडोर और आउटडोर आयोजनों में अधिकतम लोगों की संख्या को लगभग 200-300 लोगों तक सीमित किया है। साथ ही वैक्सीन की दोनों डोज न लगवाने वालो को एक जनवरी से मॉल, सिनेमा हॉल सहित कई जगहों पर एंट्री देने पर पाबंदी लगाई है।
राजस्थान में भी नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। यहां रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक यह लागू रहेगा। सीएम अशोक गहलोत ने अफसरों को वैक्सीनेशन जल्द अनिवार्य करने का आदेश दिया है। राजधानी दिल्ली में भी हाईकोर्ट के संज्ञान के बाद सरोजनी नगर मार्केट ऑड ईवन के हिसाब से खुलेंगे।