गडचिरोली लोकसभा चुनाव 2024 (फाइल फोटो)
गडचिरोली लोकसभा चुनाव 2024 (फाइल फोटो)

    Loading

    चंडीगढ़, पंजाब विधानसभा चुनाव (Punjab Vidhansabha Election 2022) के लिए जारी मतदान (Voting) के तहत रविवार अपराह्न एक बजे तक 34.10 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। राज्य में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 117 विधानसभा सीट के लिए मतदान हो रहा है। मतदान सुबह आठ बजे आरंभ हुआ, जो शाम छह बजे तक चलेगा।

    कुल 1,304 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 93 महिलाएं और दो ट्रांसजेंडर शामिल हैं। राज्य में 1,02,00,996 महिलाओं समेत 2,14,99,804 मतदाता अपने मताधिकारों का इस्तेमाल कर सकेंगे। मतगणना 10 मार्च को होगी। पंजाब के मुख्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, अपराह्न एक बजे तक 34.10 प्रतिशत मतदान हुआ। सोहना-मोहना के नाम से जाने जाने वाले जुड़वा भाइयों सोहन सिंह और मोहन सिंह ने अमृतसर में अपने अलग-अलग वोट डाले। इन दोनों भाइयों के शरीर आपस में जुड़े हुए हैं।

    पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस करुणा राजू ने हाल में सोहन सिंह और मोहन सिंह को दो अलग-अलग मतदाता पहचान पत्र सौंपे थे। भारत के निर्वाचन आयोग ने सोहना और मोहना को अलग-अलग मतदाता माना था और उन दोनों को व्यक्तिगत मतदान का अधिकार देने का फैसला किया था। दोनों भाई पिछले साल ही 18 वर्ष के हुए थे। दोनों ने पहली बार मतदान किया है। दोनों भाइयों ने कहा कि वे मताधिकार का इस्तेमाल करके वे दोनों बहुत खुश हैं।

    अधिकारियों ने बताया कि सोहना और मोहना के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी, ताकि दोनों अपनी गोपनीयता बनाए रखते हुए अलग-अलग मतदान कर सकें। इस बीच, चंडीगढ़ के बाहरी इलाके स्थित जीरकपुर के एक गांव में दुल्हन की पोशाक पहने एक युवती ने अपने विवाह कार्यक्रम में शामिल होने से पहले मतदान किया और दूल्हे ने रूपनगर में मतदान किया। अमृतसर में अपराह्न एक बजे तक 30.23 फीसदी, बरनाला में 37.26 फीसदी, बठिंडा में 38.75 फीसदी, फतेहगढ़ साहिब में 37.13 फीसदी, फाजिल्का में 40.59 फीसदी, फिरोजपुर में 37.97 फीसदी, मलेरकोटला में 39.78 फीसदी और मुक्तसर में 39.61 फीसदी मतदान हुआ। मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें देखी गईं। कई युवा पहली बार अपने मताधिकारों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

    राज्य में सुबह मतदान करने वालों में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, राज्य के मंत्री मनप्रीत सिंह बादल, परगट सिंह और विजय इंदर सिंगला, कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अश्विनी शर्मा शामिल थे। इनके अलावा मुख्यमंत्री पद के लिए आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार भगवंत मान ने मोहाली में मतदान किया। मान ने लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की। इसके अलावा शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल और उनकी पत्नी तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने भी वोट दिया। सुखबीर बादल खुद गाड़ी चलाकर आए और मुक्तसर में वोट डालने के लिए अपने परिवार को साथ लाए।

    आप नेता राघव चड्ढा ने ट्वीट करके आरोप लगाया कि गुरुहरसराय में एक मतदान केंद्र पर एक सरपंच ने मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश की। उन्होंने दावा किया कि सनौर, अटारी और मजीठा में कुछ ईवीएम में खराबी थी। मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर मास्क और दस्ताने दिए गए तथा उनके हाथों को सैनेटाइज किया गया। आप नेता अरविंद केजरीवाल ने भी मतदाताओं से बड़ी संख्या में वोट डालने की अपील की। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने विधानसभा क्षेत्र चमकौर साहिब में धार्मिक स्थलों पर सुबह माथा टेका। प्रकाश सिंह बादल (94) ने वोट डालने के बाद कहा, ‘‘मैं खुश हूं कि हमारा लोकतंत्र बहुत मजबूत है। मैं आखिरी सांस तक अपने लोगों की सेवा करता रहूंगा।” बादल परिवार ने चुनाव जीतने का भरोसा जताया। पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि वह हर व्यक्ति से मतदान करने की अपील करती हैं।

    पटियाला में, पूर्व केंद्रीय मंत्री अमरिंदर सिंह ने भी अपनी जीत का भरोसा जताया। इन चुनावों में उनके समक्ष चुनौती के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा, ‘‘कुछ खास चुनौती नहीं है। हम जीतेंगे।” अमरिंदर सिंह की पत्नी परणीत कौर और बेटी जय इंदर कौर ने भी पूर्व मुख्यमंत्री की जीत का भरोसा जताया। कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्ध ने उम्मीद जताई कि लोग बड़ी संख्या में मतदान करेंगे। पंजाब में इस बार कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप), शिरोमणि अकाली दल (शिअद)- बहुजन समाज पार्टी (बसपा) गठबंधन, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)- पंजाब लोक कांग्रेस(पीएलसी)-शिअद (संयुक्त) गठबंधन और विभिन्न किसान संगठनों की राजनीतिक इकाई ‘संयुक्त समाज मोर्चा’ के बीच बहुकोणीय मुकाबला है।

    चुनाव लड़ रहे चर्चित चेहरों में चन्नी, मान, कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह एवं प्रकाश सिंह बादल और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल प्रमुख हैं। पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल, भाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अश्विनी शर्मा और पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला भी इस चुनाव में किस्मत आजमा रहे हैं।