Rahul Gandhi
FILE- PHOTO

    Loading

    नई दिल्ली: भारत जोड़ो यात्रा के 16 दिसंबर (शुक्रवार) को 100 दिन पूरे हो गए। इस मौके पर राहुल गांधी ने जयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि, कांग्रेस ऐसी पार्टी है जो महात्मा गांधी की राह पर चलती है। भाजपा भारत जोड़ो यात्रा के खिलाफ अभियान चला रही है। कांग्रेस विचारधारा की पार्टी है, जो लोग भाजपा के दबाव में हैं वे चले जाएं तो बेहतर रहेगा।

    इस दौरान राहुल गांधी ने यह भी कहा कि,  कन्याकुमारी से राजस्थान तक यात्रा को लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने 2023 में होने वाले राजस्थान चुनाव को लेकर दावा किया कि वो जीतेंगे। हालांकि, राहुल गांधी ने राजस्थान के चुनाव में कौन चेहरा होगा इस पर जवाब देते हुए कहा कि, मैं कांग्रेस का अध्यक्ष नहीं हूं। कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे हैं। उनसे सवाल करिए कि इलेक्शन हम किसके चेहरे पर लड़ेंगे। 

    वहीं, राजस्थान में कांग्रेस पार्टी में चल रही गुटबाजी को लेकर पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि, हमारी पार्टी लोकतांत्रिक पार्टी है। यहां बयानबाजी कम चर्चा अधिक है, जो एक अच्छी बात है। राजस्थान ही नहीं, अन्य राज्यों में भी ऐसा होता है। लेकिन, नेताओं की बयानबाजी से पार्टी को नुकसान नहीं होना चाहिए, अगर ऐसा होता है तो हम कार्रवाई करते हैं। कांग्रेस पार्टी एक विचारधारा की पार्टी है, लोगों को बोलने की आजादी है, हम उन्हें डराकर चुप नहीं कराते हैं।

    उन्होंने आगे कहा कि, राजस्थान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कमी नहीं है। प्रदेश की दो-तीन योजनाएं ऐसी हैं जिनके बारे में लोग बात करते हैं। चिरंजीवी योजना और शहरी मनरेगा योजना को लोग अच्छी योजना बता रहे हैं। हालांकि, लोगों की कुछ छोटी-छोटी समस्याएं हैं। जिनके बारे में वे शिकायत भी करते हैं। यहां पानी एक बड़ी समस्या है। 

    चीन मुद्दे पर राहुल ने केंद्र का घेराव

    वहीं, राहुल गांधी ने भारत और चीन सेना के बीच हुए झड़प को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, ‘केंद्र सरकार चीन मुद्दे को नजरअंदाज कर रह है। तवांग मुद्दे को छिपाने की कोशिश की जा रही है। देश की सरकार सोई हुई है और चीन ने युद्ध की तैयारी की है।’ हमारे विदेश मंत्री को अपनी समझ गहरी करनी चाहिए।