महाराष्ट्र : मुख्यमंत्री ने राज ठाकरे और देवेंद्र फडणवीस से फोन पर की बात, लॉकडाउन पर हुई चर्चा

    Loading

    मुंबई. महाराष्ट्र में कोरोना महामारी ने एक बार फिर खौफनाक रूप धारण कर लिया है। राज्य में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र में बढ़ते मामलों और लॉकडाउन को लेकर मनसे प्रमुख राज ठाकरे से फोन पर चर्चा की है। जानकारी है कि, मुख्यमंत्री ने राज ठाकरे से सहयोग की अपील की है। कयास लगाया जा रहा है कि, राज्य में कोरोना से बदतर हो रहे हालात को देखते हुए राज्य सरकार लॉकडाउन लगाने का एलान कर सकती है। बता दें कि, मनसे के अधिकृत ट्विटर हैंडल से यह जानकारी दी गई है।  

     फडणवीस का सीएम को फोन सकारात्मक

    महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच मुख्यंत्री उद्धव ठाकरे ने खुद विरोधी पार्टी के नेता राज ठाकरे को फोन कर उनसे सहयोग मांगा हैं। वहीं,  विरोधी पार्टी के नेता देवेंद्र फडणवीस ने भी राज्य में बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर चिंता जताई है। जानकारी है कि, फडणवीस ने उद्धव ठाकरे से फ़ोन पर बात कर साथ देने का भरोसा जताया है। कोरोना के कहर के बीच दिग्गज नेता अपनी नीति और नीयत को दरकिनार कर आपस में चर्चा कर रहे हैं जिसे एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है। वरना कोरोना ने तो नाउम्मीदी इस हद तक बढ़ा दी है कि लॉकडाउन की नौबत ला दी है। 

    जानकारी हो कि, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने जनता को संबोधित कर कहा था कि, कोरोना के चलते महाराष्ट्र में लॉकडाउन लगेगा या नहीं लगेगा, इस पर मैं अभी कुछ भी नहीं बोलूंगा, लेकिन जो हालात इस समय हैं, अगर ये आगे भी जारी रहेंगे तो संभालना मुश्किल होगा और इसके बाद लॉकडाउन की आखिरी उपाय है। हालांकि प्रदेश के कई जिलों में नाइट कर्फ्यू और आंशिक प्रतिबंध लागू है। लेकिन कोरोना पर काबू नहीं पाया जा रहा है।