
नई दिल्ली. देश में कोविड-19 महामारी (COVID-19 Epidemic) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र और केरल में सामने आ रहे हैं। इन दो राज्यों में कुल 36 हजार से अधिक एक्टिव केस है। वहीं, अब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी कोरोना का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,375 नए मरीज दर्ज किए गए हैं। हालांकि, कोरोना से किसी की मौत नहीं हुई है। यह जानकारी बुधवार को दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग ने दी।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, दिल्ली में नए मामले आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 19,15,905 हो गई है। जबकि, मृतकों की संख्या 26,223 पर पहुंच गई है। वहीं, राज्य में आज 909 लोग कोरोना से उबरे हैं। जिसके बाद महामारी से ठीक होने वालों की संख्या 18,86,039 हो गई है।
COVID19 | Delhi reports 1,375 new cases today, positivity rate rises to 7.01% ; Active cases at 3,643 pic.twitter.com/W4UZ7hkO0h
— ANI (@ANI) June 15, 2022
विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटे में दिल्ली में 19,622 नमूनों की कोरोना जांच की गई, जिनमें 13,367 RT-PCR और 6,255 एंटीजन टेस्ट शामिल है। इसी के साथ दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 7.01 हो गया। फिलहाल राजधानी में कुल 3,643 एक्टिव मरीज है। होम आइसोलेशन में 2,108 मरीज और अस्पताल में 160 मरीज भर्ती है।
आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में कोविड अस्पतालों में आरक्षित 9,582 में से 9,413 बेड खाली हैं। वहीं, कोविड केयर सेंटर के 825 और कोविड हेल्थ सेंटर के 129 बेड खाली हैं। दिल्ली में बीते 24 घंटे में 23,613 वैक्सीन की डोज लगाई गई हैं। इनमें 2351 पहली डोज, 7057 दूसरी डोज और 14,205 बूस्टर डोज शामिल हैं।