Aurangabad Municipal Corporation

    Loading

    औरंगाबाद: जल्द होने वाले औरंगाबाद महानगरपालिका चुनाव (Aurangabad Municipal Corporation Election ) के लिए महानगरपालिका प्रशासन (Municipal Administration) ने राज्य चुनाव आयोग (State Election Commission) के निर्देश पर  प्रभाग रचना प्रारुप जारी किया है। महानगरपालिका द्वारा जारी किए गए प्रभाग रचना प्रारुप पर शहरवासी 16 जून तक आपत्तियां और सुझाव महानगरपालिका प्रशासन के चुनाव विभाग में पेश कर सकेंगे। जनता द्वारा पेश की गई आपत्तियां और सूचनाओं का विवरण पत्र 17 जून को राज्य चुनाव आयोग को पेश किया जाएगा। यह जानकारी महानगरपालिका के उपायुक्त और चुनाव विभाग प्रमुख डॉ. संतोष टेंगले ने पत्रकारों को दी।

    उन्होंने बताया कि राज्य चुनाव आयोग ने प्राधिकृत किए हुए अधिकारियों द्वारा आपत्तियां और सुझावों पर 24 जून को सुनवाई ली जाएगी। सुनावाई के बाद 30 जून को प्राधिकृत अधिकारियों ने किए हुए सिफारिशों को निर्धारित प्रपत्र में उल्लेख कर विवरण पत्र राज्य चुनाव आयोग को भेजा जाएगा। उपायुक्त टेंगले ने बताया कि प्रभाग रचना का मैप, क्षेत्र की व्याप्ति के अलावा विस्तृत जानकारी जोन कार्यालय, औरंगाबाद मुख्यालय और महानगरपालिका के वेबसाइट पर उपलब्ध की गई है। 

    महिला सदस्यों का होगा राज 

    आगामी औरंगाबाद महानगरपालिका चुनाव में 126 सदस्यों का चयन होगा। उसके लिए तीन वार्ड का एक प्रभाग बनाया गया है। इस तरह कुल 42 प्रभाग रहेंगे। एक प्रभाग से  तीन सदस्यों का चुनाव होगा। कुल 126 वार्डों में 26 वार्ड एससी, एसटी के लिए आरक्षित रहेंगे। जिसमें 24 वार्ड एससी और 2 वार्ड एसटी के लिए आरक्षित रहेंगे। कुल 26 आरक्षित वार्डों में 12 वार्ड एससी महिलाएं और 2 वार्ड एसटी महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे। बचे 100 वार्ड में  50 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे। इस तरह कुल 126 वार्ड में 63 महिलाओं का आगामी महानगरपालिका में चुनाव होगा। बचे ओपन 50 वार्ड में भी महिलाएं चुनाव लड़ सकती हैं। ओपन 50 वार्ड में 5 से 8 महिलाएं अगर चुनाव जीत जाती हैं तो कुल 126 वार्डों में से 70 महिलाएं आगामी महानगरपालिका चुनाव जीतकर महानगरपालिका में जा सकती हैं। जिससे यह साफ हो रहा है कि आगामी महानगरपालिका चुनाव के बाद औरंगाबाद महानगरपालिका पर महिलाओं का राज होगा। 

    एक प्रभाग में रहेंगे करीब 30 हजार मतदाता 

    वर्तमान में औरंगाबाद की जनसंख्या 12 लाख 28 हजार 32 है। इसमें एससी समुदाय की जनसंख्या 2 लाख 38 हजार 105, एसटी समुदाय की जनसंख्या 16 हजार 320 है। शहर की कुल जनसंख्या को 126 वार्ड में डिवाइड करने के बाद हर प्रभाग में 10 प्रतिशत ज्यादा अथवा 10 प्रतिशत कम जनसंख्या तय करने पर एक प्रभाग में करीब 30 हजार मतदाता रहेंगे। जो प्रभाग के तीन उम्मीदवारों को मतदान करेंगे। 10 प्रतिशत अधिक मतदाताओं की संख्या तय करने पर हर प्रभाग में वोटरों की संख्या 32 हजार 136 हो सकती है और 10 प्रतिशत कम करने पर हर प्रभाग में मतदाताओं की संख्या 26 हजार 315 हो सकती। इन दोनों के बीच हर प्रभाग में वोटरों की संख्या हो सकती है। अंत में उपायुक्त टेंगले ने बताया कि नागरिकों की आपत्तियां और सुझाव के बाद राज्य चुनाव आयोग उन पर अंतिम निर्णय लेकर  अंतिम प्रभाग रचना प्रारुप जारी किया जाएगा।