Aurangabad Municipal Corporation

    Loading

    औरंगाबाद : महानगरपालिका (Municipal Corporation) में सालों से विभिन्न पद रिक्त है। जिसके चलते एजेंसी के माध्यम से निजी कर्मचारियों (Employees) की भर्ती (Recruitment) कर सालों से कामकाज चलाया जा रहा है। करीब 6 महीने पूर्व महानगरपालिका कमिश्नर का पदभार संभाले डॉ. अभिजीत चौधरी (Dr. Abhijeet Chowdhary) ने पदभार संभालते ही महानगरपालिका में रिक्त पदों को भरने को प्राथमिकता देने पर जोर दिया था। उसके तहत उन्होंने जरुरी 123 पदों की सूची तैयार कर भर्ती प्रक्रिया पर काम शुरु कर दिया है। 

    महानगरपालिका कमिश्नर डॉ. चौधरी ने बताया कि सालों से भरती प्रक्रिया न होने से कई जरुरी कामों को ब्रेक लग रहा है। करों की राशि वसूलने में कई समस्याएं निर्माण हो रही है। ऐसे में प्रशासन ने जरुरी 123 पदों को भरने का निर्णय लिया है। कमिश्नर ने बताया कि इसमें 6 से 7 पद क्लास-1 के है। साथ ही अनुकंपा के सालों से रिक्त 55 पदों को भी भरा जाएगा। सरकार ने 3 एजेंसियों की नियुक्ति की हुई है। डॉ. चौधरी ने बताया कि सरकार द्वारा नियुक्त एजेंसी के माध्यम से महानगरपालिका में भरती प्रक्रिया अपनायी जाएगी। उन्होंने माना कि मैन पॉवर के कमी के चलते करों की राशि वसूली का ग्राफ गिर रहा है। कमिश्नर ने वसूली के गिरते ग्राफ पर चिंता जताते हुए कहा कि मार्च एंड तक सभी प्रभागों के वार्ड अधिकारियों का परफॉर्मन्स देखा जाएगा। उसके बाद वसूली में लापरवाही करने वाले अधिकारियों का तबादले करने की प्रशासन ने ठानी है। इन दिनों मराठवाड़ा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर आचार संहिता जारी है। आचार संहिता समाप्त होते ही भरती प्रक्रिया को गति देकर अप्रैल एंड तक जरुरी 123 पदों को भरने का प्रयास करेंगे। इन पदों को भरने के लिए सरकार पास विस्तृत प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी कमिश्नर डॉ. चौधरी ने दी। 

    अतिक्रमण कार्रवाई जारी रहेगी 

    शहर में जी-20 परिषद की तैयारियों के लिए प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर प्रयास जारी है। इन्हीं प्रयासों में शहर के प्रमुख चौराहों में और मार्गों पर अतिक्रमण हटाव मुहिम जारी है। अतिक्रमण हटाव पर कमिश्नर ने बताया कि प्रशासन द्वारा निरंतर अतिक्रमण हटाव मुहिम जारी रहेगी। जिन इलाकों से अतिक्रमण हटेगा, उसके बाद अतिक्रमण मुक्त की गई जमीन पर प्रशासन सर्विस रोड का निर्माण करेंगा। 

    बीओटी प्रकल्पों के काम का जायजा लेना जारी 

    एक सवाल के जवाब में महानगरपालिका कमिश्नर ने बताया कि प्रशासन ने करीब 16 वर्ष पूर्व हाथ में ली बीओटी प्रकल्पों के काम का मैं जायजा ले रहा हूं।  शहर के सिध्दार्थ गार्डन के समक्ष विकसित किए गए कॉम्प्लेक्स का निर्माण अभी भी अधुरा है। जिस ठेकेदार को इस प्रकल्प का काम दिया गया था, उसने कई खामियां रखकर काम अधुरा रखा है। बल्कि, जिस विकसक इस प्रकल्प ठेका दिया गया था, उसने अन्य एक विकसक को उस प्रकल्प को विकसित करने का काम दिया था। बल्कि, उक्त जमीन को लेकर पीआर कार्ड पर अपना नाम भी विकसक ने लगाया था। महानगरपालिका प्रशासन ने इस पर कार्रवाई करते हुए पीआर कार्ड पर अपना नाम दूबारा लगा लिया है। कमिश्नर ने बताया कि मैं शहर के सभी बीओटी प्रकल्पों का जायजा ले रहा हूं। जहां जहां खामियां दिखाई देगी, उन्हें पूरा कर उस प्रकल्प को पूरा करने का प्रयास करुंगा। कमिश्नर ने बताया कि महानगरपालिका प्रशासन द्वारा टीवी सेंटर पर विकसित किए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के दुकानों को लिज पर लेने के लिए जोरदार प्रतिसाद मिल रहा है। इसलिए प्रशासन ने टीवी सेंटर चौक के करीब स्थित एसपी कार्यालय के निकट तक उक्त शॉपिंग कॉम्लेक्स को विकसित करने का निर्णय लिया है।