Union Minister Nitin Gadkari

    Loading

    औरंगाबाद : केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने विश्वास दिलाया कि वर्ष 2024 से पूर्व तक मराठवाड़ा (Marathwada) की सड़कें (Roads) अमेरिकन स्टैंडर्ड (American Standard) की होंगी। पिछले 7  सालों में औरंगाबाद जिले में राष्ट्रीय महामार्ग विभाग के तहत करीब 450 किलोमीटर की सड़कों का निर्माण किया गया।  4 हजार 422 करोड़ रुपए के 13 कामों को मंजूरी दी गई थी, जिसमें 5 काम पूरे होकर 8 काम अंतिम चरण पर है। गडकरी ने औरंगाबाद से पुणे के लिए नए हाइवे के निर्माण की भी यहां घोषणा  की। इस योजना पर 10 हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे।

    भारतीय राष्ट्रीय महामार्ग प्राधिकरण द्वारा किए गए  3 हजार 317 करोड़ रुपए के  4 महामार्ग प्रकल्प का लोकार्पण और 2 हजार 253 करोड़ रुपए के 4 महामार्ग प्रकल्पों का भूमिपुजन नितिन गडकरी के हाथों शहर के जबिंदा लॉन्स में आयोजित कार्यक्रम में ऑनलाइन किया गया। उसके बाद अपने विचार में गडकरी ने औरंगाबादवासियों को यह विश्वास दिलाया। मंच पर केन्द्रीय रेल राज्यमंत्री रावसाहेब दानवे पाटिल, केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री डॉ. भागवत कराड, राज्य के रोजगार गारंटी मंत्री संदिपान भुमरे, राजस्व राज्यमंत्री अब्दुल सत्तार, विधायक अंबादास दानवे, विधायक संजय सिरसाठ, विधायक हरिभाऊ बागडे, विधायक अतुल सावे, विधायक प्रशांत बंब, विधायक रमेश बोरनारे, विधायक उदयसिंह राजपूत उपस्थित थे। 

    25 हजार करोड़ रुपए के काम  पूरे होंगे

    अपने विचार में नितिन गडकरी ने सड़क परिवहन मंत्री बनने के बाद औरंगाबाद सहित मराठवाड़ा में सड़कों के निर्माण के लिए किए जा रहे कार्यों को गिनाते हुए बताया कि सीआरपीएफ में अब तक 30 कामों पर 463 करोड़ रुपए खर्च किए गए है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि 2024 तक औरंगाबाद जिले में 25 हजार करोड़ रुपए के काम शुरु होकर वह पूरे होंगे। गडकरी ने औरंगाबाद से एकनाथ महाराज की नगरी पैठण तक के महामार्ग के निर्माण के भूमिपुजन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस महामार्ग को पूरा करने के लिए सालों से स्थानीय जनप्रतिनिधि  मांग कर रहे थे। आज वह मांग पूरी हो चुकी है। इस पर गडकरी ने खुशी जाहिर की। उन्होंने मराठवाड़ा सहित राज्य में स्थित सभी श्रध्दास्थलों के परिसर की सड़कें विकसित करने का काम केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय द्वारा किए जाने की जानकारी देते हुए बताया कि तुलजापुर, आलंदी, शेगांव, माहुर आदि श्रध्दास्थलों को जोडने वाली सड़कों को विकसित किया गया है।

    औरंगाबाद-पुणे नए हाइवे पर होंगे 10 हजार करोड़ खर्च 

    कार्यक्रम में केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने औरंगाबाद से पुणे के लिए नया दुताग्रति हाईवे के निर्माण की घोषणा करते हुए बताया कि इस हाईवे के निर्माण के बाद औरंगाबाद वासी सिर्फ सवा घंटे में पुणे पहुंचेंगे। इस महामार्ग के काम पर केन्द्र सरकार द्वारा 10 हजार करोड़ रु़पए खर्च किए जाएंगे। इस महामार्ग का एलायटमेंट फाइनल हुआ है। यह हाइवे बीड-अहमदनगर-पैठण होते हुए पुणे जाएगा। इस महामार्ग पर वाहन धारक अपने वाहन 140 की स्पीड से चला पाएंगे। 

    पर्यटन स्थलों के सड़कों को किया जाएगा विकसित 

    गडकरी ने बताया कि केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने औरंगाबाद सहित मराठवाड़ा में स्थित सभी पर्यटन स्थलों के सड़कों को बेहतर रुप से विकसित करने  का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि औरंगाबाद में एलोरा-अजंता जैसी विश्व की मशहुर धरोहरें होने के कारण यहां बड़ी संख्या आनेवाले देशी-विदेशी पर्यटकों को बेहतर सड़कों के निर्माण के लिए सड़क परिवहन मंत्रालय कटिबध्द है। पर्यटन स्थलों के अलावा जिले के अन्य क्षेत्रों में निर्माण की जानेवाली सड़कों के कार्य में बड़े पैमाने पर वन विभाग द्वारा एनओसी जरुरत है। उन्होंने केन्द्रीय रेल राज्यमंत्री रावसाहाब दानवे, राज्य के राजस्व राज्यमंत्री अब्दुल सत्तार को वन विभाग से एनओसी के लिए विशेष प्रयास करने पर जोर दिया। 

    चिकलथाना से वालूज और रेलवे स्टेशन से हर्सूल-सिडको  तक बनेगा  डबल डेकर ब्रिज 

    शहर के जालना रोड़ से लेकर वालूज तक आए दिन यातायात की गंभीर समस्या निर्माण हो रही है।  इसका हल निकालने के लिए मेट्रो एवं सड़क परिवहन मंत्रालय मिलकर डबल डेकर ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। प्रथम पुल पर चार लाइन सड़क का निर्माण किया जाएगा, वहीं दूसरे पुल पर मेट्रो चलायी जाएगी। गडकरी ने विश्वास जताया कि इस डबल डेकर पुल से औरंगाबाद शहर में आए दिन निर्माण होनेवाली यातायात की बड़ी समस्या हल होगी, बल्कि शहर का विकास भी तेजी से होगा। इसके लिए  नेशनल हाइवे तथा मेट्रो द्वारा संयुक्त डीपीआर बनाने का काम शुरु हो चुका है। इस डबल डेकर ब्रिज की लंबाई 25 किलोमीटर रहेंगी है। इसमें 16 किलोमीटर फोर लाईन स्टैंडर्ड सड़क का निर्माण के अलावा 9 किलोमीटर डबल डेकर फ्लायओवर शामिल है। इसके अलावा औरंगाबाद रेलवे स्टेशन से हर्सूल होते हुए सिडको तक भी डबल डेकर ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इन दोनों प्रकल्पों पर 6 हजार करोड़ रु़पए खर्च होने की जानकारी केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने दी।

    रिजनल एयरलाइन्स को बढ़ावा देने की जरुरत 

    नितिन गडकरी ने बताया कि औरंगाबाद में बेहतर एयरपोर्ट उपलब्ध है, परंतु यहां हवाई सेवा की आवाजाही कम है। उसके लिए यहां रिजनल एयरलाइन्स को बढ़ावा देने की जरुरत है। उसके लिए औरंगाबाद से लातूर, जलगांव, इंदौर, नागपुर सहित अन्य जिलों को जोडऩे के लिए हवाई सेवा को और अधिक गति देने पर गडकरी ने जोर दिया। गडकरी ने कहा कि वर्तमान में मराठवाड़ा में बड़े पैमाने पर विकास कार्य जारी है। जिन क्षेत्रों का विकास होगा, वहां उद्योग लगेंगे साथ ही रोजगार के अवसर उपलब्ध होते हैं। उससे गरीबी भी दूर होती है।