औरंगाबाद में रिक्शा किराया में वृद्धि, नई दरें 2 अक्टूबर से लागू

    Loading

    औरंगाबाद : बीते कई महीने से रिक्शा चालक संगठन (Rickshaw Driver Organizations) ईंधन के बढ़ते दामों के चलते रिक्शा किराया (Rickshaw Fares) में वृद्धि की मांग कर रहे थे। इस मांग पर एक बैठक लेकर रिक्शा किराए में वृद्धि करने का निर्णय जिला प्रशासन और आरटीओ विभाग ने संयुक्त रुप से लिया। इस निर्णय के तहत शहरवासियों को पहले डेढ़ किलोमीटर के लिए 26 रुपए और उसके बाद प्रति किलोमीटर के लिए 18 रुपए अदा करने होंंगे। रिक्शा किराए में वृद्धि का निर्णय 2 अक्टूबर 2022 से लागू होंगा। यह जानकारी जिला अधिकारी सुनील चव्हाण और प्रादेशिक परिवहन अधिकारी संजय मैत्रेवार ने आयोजित प्रेस वार्ता में दी। 

    उन्होंने बताया कि 7 वर्ष पूर्व शहर में रिक्शा किराए में वृद्धि की गई थी। तब पेट्रोल के दाम प्रति लिटर 78 रुपए था। वर्तमान में पेट्रोल के दाम 109 रुपए प्रति लिटर है। ईंधन के बढ़ते दामों को मध्य नजर रखकर और मार्च 2020 में खटुआ समिति द्वारा रिक्शा किराए में वृद्धि के लिए की गई सिफारिशों पर बारिकी से अध्ययन करने के बाद रिक्शा चालक संगठनाओं के साथ हुई बैठक में किराए में वृद्धि का निर्णय लिया गया। एक सवाल के जवाब में कलेक्टर चव्हाण ने बताया कि शहर में 23 हजार रिक्शा दौड़ती है, जबकि जिले भर में 40 हजार रिक्शा दौड़ती है।  

    डेढ़ किलोमीटर का होगा पहला चरण 

    2015 से आज तक रिक्शा किराए के लिए 1 किलोमीटर का प्रथम चरण तय था। परंतु, आज की बैठक में पहला चरण एक के बजाए डेढ़ किलोमीटर कर उसके लिए 26 रुपए किराया तय किया गया। उसके बाद यात्री को प्रति किलोमीटर के लिए 18 रुपए अदा करने होंगे। वहीं, शेयर रिक्शा के लिए सुधारित रिक्शा किराए के अनुसार अतिरिक्त 30 प्रतिशत किराए वसूलते हुए कुल किराया की रकम तीन यात्रियों में बांटकर शेयर रिक्शा से शहरवासी यात्रा कर पाएंगे। विशेषकर, आरटीओ विभाग द्वारा शेयर पे रिक्शा के लिए निश्चित किए हुए स्टाप पर शेयर पे के बोर्ड लगाए जाएंगे, जिसमें प्रमुख रुप से रेलवे स्थानक, मुख्य बस स्थानक, सिडको बस स्थानक, चिकलथाना, हाईकोर्ट, विभागीय आयुक्त कार्यालय, जिला अधिकारी कार्यालय परिसर शामिल है, संजय मैत्रेवार ने बताया कि आरटीओ विभाग ने एक सर्वे कर शहर में रिक्शा दौड़ने वाले 96 रूट्स निश्चित किए है। साथ ही रिक्शा चालकों की पहचान के लिए मुंबई, पुणे की तरह रिक्शा के पिछले हिस्से में बारकोड पद्धति सक्ती कर उस पर रिक्शा चालक की फोटो भी लगायी जाएगी, ताकि महिलाएं रिक्शा में सफर करते समय उन्हें रिक्शा चालक को पहचानना आसान हो। 

    मीटर कैलिब्रेशन के लिए 2 महीने का समय 

    प्रादेशिक परिवहन अधिकारी संजय मैत्रेवार ने बताया कि रिक्शा किराए के नए दाम 2 अक्टूबर 2022 से लागू होने के बाद रिक्शा में लगे मीटरों को कैलिब्रेशन के लिए 2 महीने का समय दिया गया है। यह समय 2 अक्टूबर से 30 नवंबर 2022 तक रहेेंगा। रिक्शा के मीटर कैलिब्रेशन के लिए शहर में 9 सेंटर कार्यरत है। मैत्रेवार ने रिक्शा चालकों से अपील कि कि वे समय पर अपने रिक्शा के मीटर का कैलिब्रेशन कर प्रशासन को सहकार्य करें। वहीं, 2 अक्टूबर से लागू होने वाले नए रिक्शा किराए दाम के टैरिफ कार्ड आरटीओ कार्यालय द्वारा 1 अक्टूबर 2022 के बाद विविध रिक्शा संगठन और व्यक्तिगत लाइसेंस धारक रिक्शा चालकों को बांटे जाएंगे। 

    रिक्शा चालक करें नियमों का पालन 

    पिछले कई महीने से रिक्शा चालक रिक्शा चालक संगठनाएं किराए में वृद्धि की मांग कर रहे थे। उनकी मांग पर प्रशासन ने किराए वृद्धि का निर्णय लिया है।  प्रशासन ने रिक्शा चालकों के हित में खटुआ समिति के सिफारिशों पर अध्ययन कर किराए में वृद्धि कर उन्हें राहत दी है। उसी तरह रिक्शा चालक भी नियमित रुप से वर्दी का उपयोग करें, वाहन चलाते समय लाइसेंस और वाहन के वैध दस्तावेज साथ रखें, वाहन पार्क करते समय और रास्ते पर ठहरने पर सुरक्षितता के बारे में विशेष ध्यान दे, मोटर वाहन कानून और नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील जिला अधिकारी सुनील चव्हाण और प्रादेशिक परिवहन अधिकारी संजय मैत्रेवार ने रिक्शा चालकों से की।