Maharashtra Government
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे

    Loading

    मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) की सियासी उठापटक (Political Crisis) के बीच शिवसेना (Shiv Sena) के बागी नेता एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने भाजपा (BJP) के साथ जाने का बयान दिया है। जिसका वीडियो सामने आया है। जिसमें एकनाथ शिंदे अपने समर्थक विधायकों को संबोधित करते हुए बीजेपी के साथ जाने की बात कह रहे हैं। साथ ही उन्होंने भाजपा का नाम लिए बगैर उसे एक राष्ट्रीय पार्टी और महाशक्ति बताया है।

    मुंबई में शिंदे के कार्यालय की ओर से जारी किए एक वीडियो में देखा जा सकता है कि वह गुवाहाटी के रैडिसन ब्लू होटल में शिवसेना के बागी विधायकों को संबोधित कर रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि विधायक अपनी ओर से सर्वसम्मति से समूह के नेता के तौर पर शिंदे को आगे के फैसले लेने के लिए अधिकृत कर रहे हैं।

    एकनाथ शिंदे ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उनकी पार्टी और महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार के खिलाफ विद्रोह करने के लिए ऐतिहासिक निर्णय लेने के लिए उनकी सराहना की है। उन्होंने यह भी कहा कि भगवा पार्टी ने उन्हें जरूरत पड़ने पर मौजूद रहने का आश्वासन दिया है।

    एकनाथ शिंदे इस वीडियो में कह रहे हैं, “हमारी चिंताएं और खुशियां एक समान हैं। हम एकजुट हैं और जीत हमारी होगी। एक राष्ट्रीय दल है, एक महाशक्ति…आप जानते हैं कि उन्होंने पाकिस्तान को मात दी। उस दल का कहना है कि हमने एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है और हमे हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।”

    उल्लेखनीय है कि वर्तमान में शिंदे शिवसेना के 38 बागी विधायकों और 9 निर्दलीय विधायकों के साथ गुवाहाटी में डेरा डाले हुए हैं। शिंदे के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि उन्हें सर्वसम्मति से फैसले लेने के लिए अधिकृत किया गया है।