
नईदिल्ली/जलगांव. महाराष्ट्र (Maharashtra) से मिल रही बड़ी खबर के अनुसार, यहां के जलगांव (Jalgaon) में भयंकर बवाल हो गया है।जानकारी के अनुसार बीती देर रात 2 समुदाय विशेष के लोगों के बीच यहां झड़प हो गई। वहीं इस झड़प के दौरान दोनों समुदाय के लोग आपस में भिड़ गए।
इधर खबर लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठीचार्ज कर लोगों को नियंत्रित किया। वहीं इस झड़प में कुछ लोग घायल बताए जा रहे हैं। सूत्र की मानें तो, कुछ पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए हैं। दरअसल बच्चों के खेल से यह झगड़ा शुरू हुआ और फिर आपस में झड़प हो गई। पुलिस ने फिलहाल यहां सेक्शन 144 लगा दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के जलगांव के अमलनेरा में बीती शुक्रवार रात दो समुदाय आपस में भिड़ गए। मारपीट और पत्थरबाजी की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों से शांति की अपील की, पर उपद्रवी तब और भी उग्र हो गए। इसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करनी पड़ी।
ऐसा भी बताया जा रहा है कि मामूली विवाद में हिंसा शुरू हुई थी। सूत्रों के अनुसार, दीवार पर एक समुदाय के कुछ बच्चे पेशाब कर रहे थे, जिसका दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध जताया। मारपीट की घटना शुक्रवार रात 10 बजे के करीब हुई है। वहीं जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने अमलनेरा शहर से 34 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, अगले दो दिनों तक शहर में कर्फ्यू लगाया गया है। अब किसी तरह की शहर में कोई अप्रिय घटना की खबर नही मिली है।
गौरतलब है कि, बीते अप्रैल में भी महाराष्ट्र के जलगांव जिले में हिंसक घटनाएं हुईं थी।तब भी यहां दोबार से दो गुटों में हिंसक झड़प हुई थीं। इस बाद यहां दो समूहों के बीच हुई झड़प के सिलसिले में कम से कम 12 लोगों को हिरासत में लिया गया था।
जानकारी दें कि, जलगांव जिले के अतरवाल गांव में अज्ञात लोगों द्वारा एक मूर्ति को तोड़ा गया था। जिसके बाद दो समूहों के बीच तेज हिंसक झड़प हो गई थीं । घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत ही इसकी सूचना पुलिस को दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत ही कार्रवाई की थी।
वहीं इससे पहले बीते 30 मार्च को महाराष्ट्र के जलगांव जिले में 28 मार्च को नमाज के दौरान एक मस्जिद के बाहर संगीत बजाए जाने को लेकर दो समूहों के बीच हुई झड़प हुई थी। इस सिलसिले में 56 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।