BEST Electric Buses

    Loading

    मुंबई: देश में सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक बसें (Electric Buses) मुंबई (Mumbai) की सड़कों पर दौड़ रहीं हैं। आने वाले दिनों में इनकी संख्या और भी बढ़ने वाली है। उल्लेखनीय है कि इस समय बेस्ट (BEST) के बेड़े में 403 इलेक्ट्रिक बसें हैं। आने वाले महीनों में मुंबई में 450 से अधिक ई-बसों के आने की उम्मीद है। इस समय कोलकाता में 132 और बैंगलोर में 90 इलेक्ट्रिक बसें हैं, जबकि मुंबई में सर्वाधिक ई-बसें चलाई जा रहीं हैं।

    बेस्ट अधिकारियों के मुताबिक, अक्टूबर-नवंबर में 50 नए इलेक्ट्रिक डबल डेकर बसें (Electric Double Decker Buses) सड़कों पर उतरने की उम्मीद है। इससे  ई-बसों के बेड़े में 450 से अधिक बसें हो जाएंगी। एसी बसों का मुख्य मार्ग दक्षिण मुंबई में सीएसएमटी और चर्चगेट स्टेशनों के बीच होगा। अन्य मार्ग कुर्ला और बांद्रा दोनों स्टेशनों से बीकेसी को कवर करेंगे। अगले दो साल में बेस्ट के बेड़े में 2100 ई-बसें शामिल करने का लक्ष्य है। इनमें से 1,200 सिंगल-डेकर बसें होंगी, जबकि 900 डबल-डेकर ई-बसें होंगी। बेस्ट ने एक निजी कंपनी को चरणबद्ध तरीके में 900 इलेक्ट्रिक बसों की आपूर्ति का ठेका दिया है।

    कार्बन उत्सर्जन कम करने में मदद

    इन इलेक्ट्रिक बसों की वजह से शहर में प्रदूषण को कम करने में मदद करेंगी। इलेक्ट्रिक एसी डबल डेकर बसें मुंबई के लिए गेम चेंजर साबित होंगी। एसी बस का न्यूनतम किराया 5 किमी के लिए 6 रुपए होगा। इलेक्ट्रिक बसों की वृद्धि के साथ, मुंबई में पंजीकृत इलेक्ट्रिक वाहनों की कुल संख्या 15,000 को पार कर गई है। बेस्ट के जनसंपर्क अधिकारी मनोज वराडे के अनुसार, एसी ई-बसें ऑफिस जाने वालों के लिए फायदेमंद और आरामदायक हैं। इससे पर्यावरण को भी फायदा होगा।

    मुंबई की दूसरी लाइफ लाइन

    बेस्ट बस को लोकल ट्रेन के बाद मुंबई की दूसरी लाइफ लाइन के रूप में जाना जाता है। लग्जरी बस होने के साथ-साथ किराया भी कम है। इस बस में सभी सुविधाओं के साथ यात्री आराम से यात्रा कर सकते हैं।

    200 डबल डेकर इलेक्ट्रिक बस

    बताया गया कि दिसंबर तक 100 और बसें शुरू करने का प्रयास है। मुंबईवासियों की यात्रा को और अधिक आरामदायक और सुखद बनाने के लिए यह इलेक्ट्रिक एसी डबल डेकर बस बेस्ट के बेड़े में शामिल हो रही है। पहले चरण में 200 डबल डेकर बसें बेस्ट के बेड़े में शामिल होंगी। अगले दो साल में मुंबई की सड़कों पर 900 एसी डबल डेकर बसें चलाने का लक्ष्य है।