सोमवार रहा मुंबई का सबसे प्रदूषित दिन, रिकॉर्ड 502 एक्यूआई दर्ज

    Loading

    मुंबई: डस्ट स्टॉर्म (Dust Storm) के कारण सोमवार को मुंबई (Mumbai) की वायु गुणवत्ता (Air Quality) अब तक के सबसे खराब स्तर पर पहुंच गई। सोमवार की सुबह मुंबई में वायु की गुणवत्ता 502 एक्युआई (AQI) दर्ज की गई। वैज्ञानिकों की माने तो मुंबई में इससे पहले इतना प्रदूषण (Pollution) कभी दर्ज नहीं किया गया था।

    वैसे तो वायु प्रदूषण के लिए दिल्ली बदनाम है, लेकिन मुंबई में पिछले 24 घंटे में दिल्ली से दो गुना अधिक वायु प्रदूषण दर्ज किया गया है। वायु गुणवत्ता की स्थिति पर नजर बनाए रखनेवाली सिस्टम ऑफ एयर क्वॉलिटी ऐंड वेदर फॉरकॉस्टिंग ऐंड रिसर्च (सफर) के मुताबिक, सोमवार की सुबह दिल्ली की वायु गुणवत्ता लगभग 250 एक्यूआई दर्ज की गई, जबकि मुंबई की हवा दो गुना अधिक खराब थी।

    शाम के समय हुआ थोड़ा सुधार

    मुंबई में शाम तक वायु गुणवत्ता में थोड़ा सुधार देखने को मिला। शाम को दिल्ली की वायु गुणवत्ता 215 एक्यूआई दर्ज की गई, जबकि मुंबई की 387 एक्युआई। सफर के निदेशक गुफरान बैग ने कहा कि  गल्फ से उठे डस्ट स्ट्रॉम मुंबई और आसपास के क्षेत्र में घुस गया है। जिसके कारण मुंबई में अबतक का रिकॉर्ड वायु प्रदूषण दर्ज किया गया है। हालांकि मंगलवार की शाम से वायु गुणवत्ता में सुधार होने लगेगा।

    माझगांव और कोलाबा में 500 के पार एक्यूआई दर्ज

    मुंबई में सबसे ज्यादा प्रदूषण माझगांव और कोलाबा में देखने को मिला। माझगांव में वायु गुणवत्ता 573 एक्यूआई, कोलाबा में 513, मालाड में 453, बोरीवली में 451, अंधेरी में 426, चेंबूर में 416, भांडुप में 382 एक्यूआई, वर्ली में 349 और बीकेसी में 328 एक्यूआई दर्ज किया गया। उक्त आंकड़े बताते हैं कि वायु की गुणवत्ता कुछ क्षेत्र में घातक, कुछ में बेहद खराब स्तर पर पहुंच गई।

    मुंबई में ठंड बरकरार

    मुंबई में ठंड बरकरार रही। मौसम वैज्ञानिकों के अनुमान के अनुसार मुंबई उपनगर में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और शहर में 16.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का, जबकि उपनगर का अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस और शहर का तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।