मुंबई. मुंबई (Mumbai) में ठंड (Cold) ने शहर वासियों को अपने आगोश में ले लिया है। न्यूनतम तापमान गिरकर इस सीजन में सबसे कम 15 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। मौसम विभाग (Weather Department) के एक अधिकारी के अनुसार, ठंडी हवाओं और सर्दी का दौर अगले 48 घंटे भी जारी रहेगा। मंगलवार सुबह सांताक्रूज (Santacruz) में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन में सबसे कम है।
इस बीच, महाराष्ट्र (Maharashtra) के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। क्षेत्रीय मौसम अधिकारी होसालीकर के मुताबिक़, ”मुख्य रूप से उत्तर के मैदानी इलाकों से चल रहीं उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के चलते तापमान में गिरावट आई है।’
तापमान में गिरावट जारी रहेगी
उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिन तक तापमान में गिरावट जारी रहेगी। अधिकारी ने कहा कि राज्य के दूसरे हिस्सों की बात करें तो नासिक में 11.8 डिग्री सेल्सियस, पुणे में 13 डिग्री सेल्सियस और ठाणे में 17 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि औरंगाबाद में 12.4 डिग्री सेल्सियस, नांदेड़ में 12.5 डिग्री सेल्सियस, नागपुर में 14.2 डिग्री सेल्सियस और अमरावती में 14.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।