Shooters planed to Kill Salman

Loading

तारिक़ खान @ नवभारत
मुंबई:
बॉलीवुड के ‘भाईजान’ को जान से मारने की थी प्लानिंग, मुंबई पुलिस ने अदालत में इस तरह का सनसनीखेज खुलासा किया है। सलमान के निवास पर फायरिंग करने वाले दोनों शूटरों को मुंबई क्राइम ब्रांच ने, गुजरात पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में भुज से धर दबोचा है। वारदात को अंजाम देने के बाद फरार शूटर माता के मंदिर में छुपे थे। अपराध शाखा को केस ट्रांसफर होते की सभी 12 यूनिट की बारह टीमें गठित की गई, हर टीम को अलग अलग जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मुंबई पुलिस ने हमलावरों को गुजरात से पकड़ कर सुरक्षित मुंबई लाई है। लेकिन अभी भी कई सवाल अनसुलझे है, जिनके जवाब हासिल करने के लिए मुंबई अपराध शाखा ने अदालत से अपराधियों को 25 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस सूत्र ने बताया कि, इस केस में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को भी आरोपी बनाया गया है।

गांव से कमाने निकले लड़के बने शूटर
एक्टर सलमान खान के घर पर फायरिंग वाले दोनों गोलीबाज़ गांव से यह कहकर मुंबई आये थे की हम कमाने जा रहें है। यह खुलासा दोनों आरोपियों के परिवार और दोस्तों ने मुंबई पुलिस की पूछताछ दौरान किया है। हालांकि उनके घर वालों को इसकी जानकारी नहीं थी कि घर से कमाने निकले दोनों लड़के गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग में जुड़ गए है। जब पुलिस ने बेतिया गांव में 20 जीप भरकर रेड मारी तो उन्हें यह हकीकत मालूम पड़ी।

अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी से खुलेगा राज़
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक अज्ञात फरार आरोपी की तलाश जारी है। जिसने सोशल मीडिया के फेसबुक प्लेटफॉर्म के माध्यम से उक्त अपराध करने की जिम्मेदारी स्वीकार की है। ऐसा प्रतीत होता है कि उसका बैंक अकाउंट विदेश से संचालित होता है, उसकी गिरफ्तारी केस के लिए अहम है, उससे कई दफ़न हुए राज़ खुलकर बाहर आएंगे।

कैसे चढ़े शूटर पुलिस के हत्थे
मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम) लखमी गौतम ने बताया कि अपराधियों को पकड़ने के लिए हमारे जितने भी रिसोर्सेज थे उनका इस्तेमाल किया गया। टेक्नीकल और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से हमें खबर मिली कि,अपराधी गुजरात के भुज में कहीं छिपे हैं, उनके पास हथियार थे इसके लिए हमने गुजरात पुलिस को इसकी सूचना दी और उनके साथ मिलकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि अपराधियों के पास से पुलिस को कोई हथियार नहीं मिला है, जिससे शूटरों ने फायरिंग की थी।

जेल में बिश्नोई नवरात्रि उपवास पर है
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि, तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई ने एक फेसबुक पोस्ट में सलमान खान के घर पर गोलीबारी की जिम्मेदारी ली है। वर्तमान में लॉरेंस गुजरात की जेल में है और वह नौ दिनों के उपवास (नवरात्रि) पर है। हम इन दोनों निशानेबाजों के बारे में कुछ सुराग हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।

पुलिस के सामने चुनौती
अपराध को अंजाम देने से पहले दोनों कई दिनों तक मुंबई और नवी मुंबई शहर के अलग-अलग स्थानों पर रहते थे।
इन्हें किसने जगह उपलब्ध कराई थी और उस दौरान इनसे मिलने कौन-कौन आया था।
सलमान खान के अलावा इनके टारगेट पर और कौन कौन है. अपराध करने का वास्तविक उद्देश्य क्या है।
मुंबई,महाराष्ट्र,बिहार और गुजरात में इनके कौन-कौन से साथी हैं, और कहां छुपे है।
दोनों आरोपी बिहार से अपराध को अंजाम देने मुंबई आये थे। इसलिए इस बात की पूरी संभावना है कि, बिहार राज्य में साजिश रची गई है।
शूटआउट के मास्टरमाइंड और सुपारी देने वाले का संबंध बिहार से है या गुजरात से?
शूटरों के पास हथियार कहां से आया, बाइक खरीदने और खर्च के लिए पैसे किसने दिया।
पुलिस उन लोगों की भी तलाश कर रही है जिन्होंने उन्हें घर दिलाने में मदद की थी।
पुलिस की सबसे बड़ी चुनौती, फायरिंग के समय इस्तेमाल किये गए हथियार को बरामद करना है।