World Largest Lift

    Loading

    मुंबई: बांद्रा-कुर्ला कांप्लेक्स (BKC) स्थित जियो कन्वेंशन सेंटर (JWC) में दुनिया की सबसे बड़ी लिफ्ट (World Largest Lift) लगाई गई है। इस लिफ्ट (Lift) का निर्माण KONE एलेवेटर्स इंडिया कंपनी ने किया है। 25.78 वर्ग मीटर फ्लोर एरिया में फैली इस लिफ्ट के निर्माण में सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए गए हैं। इस लिफ्ट में 200 से अधिक लोगों को ले जाने की क्षमता है, जो अपने आप में एक अजूबा है। दुनिया की सबसे बड़ी लिफ्ट राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर मुंबई में बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) में जियो कन्वेंशन सेंटर (जेडब्ल्यूसी) में चालू की गई। 

    गौरतलब है कि जेडब्ल्यूसी में लगाई गई 16 टन वजनी नई पांच-स्टॉप लिफ्ट दुनिया की सबसे भारी लिफ्ट है। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस 11 मई 1998 से भारत की तकनीकी प्रगति की उपलब्धि के रूप में मनाया जाता है। इस दिन भारत ने पोखरण परमाणु परीक्षण किया था। बीकेसी में पहले से ही KONE एलेवेटर्स इंडिया द्वारा 188 विश्व स्तरीय लिफ्ट और एस्केलेटर लगाए जा चुके हैं।

    एक साथ 200 लोगों को एक साथ ले जाने में सक्षम 

    25.78 वर्ग मीटर फ्लोर एरिया में फैली यह लिफ्ट 200 लोगों को एक साथ ले जाने में सक्षम है। लिफ्ट के निर्माण में उच्च गुणवत्ता और सुरक्षा पहलुओं का खास ध्यान रखा गया है। नई लिफ्ट आधुनिक इंजीनियरिंग का एक बेजोड़ नमूना है। KONE लिफ्ट के प्रबंध निदेशक अमित गौसैन ने कहा कि यह हमारे लिए खुशी की बात है कि दुनिया का सबसे बड़ा यात्री लिफ्ट कोन द्वारा बनाया गया है और यह भारत में है। इस जटिल लिफ्ट को बनाने में हमारी भारतीय टीम के अलावा कंपनी के प्रमुख परियोजनाओं के विशेषज्ञों ने भी सहयोग किया।

    लिफ्ट की सवारी के लिए विजिटर्स उत्साहित

    जियो वर्ल्ड सेंट्रर मुंबई के केंद्र में स्थित देश का नया व्यवसायिक और सांस्कृतिक स्थल है। यह लिफ्ट जियो वर्ल्ड सेंटर और बीकेसी की विशेष झलक प्रदान करता है। इस ऐतिहासिक लिफ्ट में सवार होने के लिए विजिटर्स में उत्साह देखने को मिल रहा है। यह लिफ्ट 1 मीटर प्रति सेकेंड की गति से चलती है। बाहरी नजारा देखने के लिए लिफ्ट में कांच की दीवार लगाई गई है।