BJP and RPI

    Loading

    नागपुर. राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय जनता पार्टी का मित्र दल बनकर केंद्र सरकार में रामदास आठवले भले ही मंत्री बने हों लेकिन नागपुर में हर चुनाव में धोखा मिलने का कारण देते हुए अब भाजपा का साथ छोड़ने की जानकारी रिपाई (आठवले) के राष्ट्रीय संगठन सचिव भूपेश थूलकर ने पत्र-परिषद में दी. उन्होंने कहा कि स्थानीय चुनाव में भाजपा हमेशा ही गठबंधन करती है. रिपाई को सीटें छोड़ने का हवाला देकर स्वयं के कार्यकर्ताओं को रिपाई (आठवले) के लिए छोड़ी सीटों पर खड़ा किया जाता है. उन्होंने कहा कि अब रिपाई के कार्यकर्ताओं को कमल की आवश्यकता नहीं है. कम से कम नागपुर में रिपाई (आठवले) अब संयुक्त रिपाई के साथ खड़ी रहने की जानकारी भी उन्होंने दी. रविवार को पार्टी के पूर्व विदर्भ पदाधिकारियों की बैठक ली गई. 

    पार्टी का हुआ है नुकसान

    थूलकर ने कहा कि 2012 और 2017 के चुनाव में भाजपा ने फंसाया है. कार्यकर्ताओं को कमल चिन्ह लेने के लिए भाजपा की ओर से दबाव बनाया जाता है. गठबंधन में सीटें देने का दिखावा कर स्वयं के कार्यकर्ताओं को ही टिकट दी जाती है जिससे पार्टी का काफी नुकसान हुआ है. कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले ने नागपुर में संयुक्त रिपाई के साथ जाने की हरी झंडी दे दी है. विदर्भ में अन्य जगहों पर भाजपा के साथ रहें या नहीं, इसे लेकर वहां के स्थानीय पदाधिकारियों को निर्णय लेना है. इसके निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिए जा चुके हैं. 

    15 सीटों पर लड़ेगी पार्टी

    थूलकर ने कहा कि बैठक में संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर भी निर्णय लिए गए हैं. इसके अलावा महानगरपालिका चुनाव को लेकर भी चर्चा की गई. मनपा में संयुक्त रिपाई के साथ रहकर 15 सीटों पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया गया. पत्र-परिषद में आरएस वानखेड़े, भीमराव बंसोड, राजन वाघमारे, सुधाकर तायडे, शशिकांत मेश्राम, अशोक घोटेकर, डॉ. मनोज मेश्राम, भीमराव मेश्राम, सतीश तांबे उपस्थित थे. 

    विनोद थूल होंगे नये शहराध्यक्ष

    पदाधिकारियों की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार अब रिपाई (आठवले)के नये शहर अध्यक्ष विनोद थूल होंगे. वर्तमान शहर अध्यक्ष बालू घरडे का कार्यकाल दिसंबर 2022 तक रहेगा जिसके बाद थूल को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. इसी तरह से पूर्व विदर्भ अध्यक्ष के रूप में वर्धा जिला परिषद सदस्य विजय आगलावे, नागपुर जिला अध्यक्ष डॉ. भीमराव मस्के, पूर्व विदर्भ के महासचिव राजेश रामटेके और अशोक घोटेकर होंगे.