कांग्रेस ने किया बंटाधार! शिंदे-फडणवीस-पवार सरकार करेगी श्रमिकों का बेड़ापार: बावनकुले

Loading

  • आयुष्मान भारत के तहत मिल रही है 5 लाख की मदद
  • PM कौशल योजना का 17 करोड़ कामगारों को मिला लाभ
  • कामगार कानून में 9 साल में हुए 29 सुधार
  • श्रमिकों को 3000 रुपये मिलेगी पेंशन
सिडको: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने सिडको में कहा, केंद्र में मोदी सरकार और राज्य में शिंदे-फडणवीस-पवार सरकार है, जिन्होंने सही मायने में श्रमिकों को न्याय दिया। सरकार ने सभी स्तर के संगठित और असंगठित श्रमिकों के हित के कई निर्णय लिए। इन योजनाओं का लाभ लाभार्थियों तक पहुंचाया है। 

 

वो सिडको के माऊली लॉन्स में भाजपा कामगार मोर्चा व कामगार संघ यूनियन की ओर से आयोजित असंगठित कामगार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान विधायक सीमा हिरे,  भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मण सावजी, गोविंद बोरसे, दिनकर पाटिल, विजय हरगुडे, विक्रम नागरे, इंदूबाई नागरे, मंगला भंडारी, डॉ. प्रशांत पाटिल, प्रतिभा पवार, छाया देवांग, डॉ. मंजुषा दराडे, ज्योती कवर आदि उपस्थित थे।
 
 
उन्होंने आगे कहा, कांग्रेस ने 12 बार महिला कानून को वापस भेजते हुए विरोध किया। परंतु मोदी सरकार ने तीसरी बार कानून पास कर महिलाओं को न्याय दिया। कामगार कानून में 9 साल में 29 बार सुधार कर कामगारों को न्याय दिया। कामगारों के लिए 27 प्रकार की योजनाएं कार्यान्वित की। पिछली सरकार कंपनी मालिकों के लिए काम कर रही थी, लेकिन यह सरकार कामगारों के लिए काम कर रही है। 
 

अब सही मायने में कामगारों को सुरक्षा मिली है। आगामी समय में आयुष्मान भारत योजना में आरोग्य के लिए 5 लाख रुपए की मदद दी जाएगी। प्रधान मंत्री कौशल योजना का 17 करोड़ कामगारों को लाभ हुआ। अब श्रमिकों को 3 हजार रुपए पेंशन मिलने वाली है। असंगठित 500 कामगारों को सुरक्षा किट का वितरण किया गया। प्राथमिक रूप में 11 कामगारों को चेक व सुरक्षा किट का वितरण किया गया।