
दुनियाभर से ऐसी कई खबर आती है, जो बेहद ही हैरान करने वाली होती है। जिसे हम वीयर्ड न्यूज़ भी कहते हैं। लेकिन इन वीयर्ड न्यूज़ में शायद ही हमने कभी सुना होगा कि किसी ने ब्रश करते समय गलती से खुद का टूथब्रश ही निगल लिया हो। आमतौर पर हम सुनते हैं कि किसी ने सिक्का, नाख़ून या कांच को निगल लिया है, लेकिन यहाँ तो एक शख्स ने पूरा का पूरा टूथब्रश ही निगल लिया।
यह खबर भारत के महाराष्ट्र राज्य से सामने आई है। औरंगाबाद के रहने वाले राजेश जाधव ने 26 दिसंबर के दिन सुबह में ब्रश करते समय पूरा टूथब्रश ही निगल लिया। जिसके बाद उनके पेट में काफी तेज़ दर्द होने लगा, फिर उनके परिवार वालों ने राजेश को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया। जहाँ उनका सीटी स्कैन किया गया, जिसके बाद पता चला कि राजेश के पेट में एक पूरा टूथब्रश फंसा हुआ है। इस रिपोर्ट के तुरंत बाद डॉक्टर की एक टीम ने सर्जरी कर सफलतापूर्वक उनके पेट से ब्रश को बाहर निकाला।
डॉ. शेख ने बताया कि अगर राजेश के पेट में उस ब्रश को रहने दिया जाता तो उसके पेट और आंत को बहुत नुकसान पहुंचता, जिसके बाद राजेश की जान भी जा सकती थी। इसलिए उन्होंने अपनी टीम के साथ मिलकर सर्जरी से फ़ौरन उस ब्रश को बाहर निकाला। डॉ. शेख कहते हैं कि टीम ने मरीज के एबडॉमिनल कैविटी पर एक मिनी-लैपरेटोमी किया और लगभग 90 मिनट के बाद, टूथब्रश को निकाल लिया गया। उसके बाद किसी भी संक्रमण को रोकने के लिए उन्होंने अंदरूनी सफाई भी की।
राजेश की सर्जरी करने वाली डॉक्टरों की टीम में डॉ. जुनैद शेख, डॉ. अविनाश घड़गे, डॉ. ओमार खान, डॉ. संदीप, डॉक्टर सुकन्या विंचुरकर, डॉक्टर गौरव भावसार, डॉ. अनिकेत और डॉक्टर विशाखा वाल्के शामिल थे। डॉक्टर्स का कहना है कि अब राजेश ठीक हैं, उन्हें किसी भी तरह की अब कोई परेशानी नहीं है।