ARREST
File Photo

    Loading

    पिंपरी: ब्याज (Interest) पर उधार लिए गए 6 लाख रुपए के 27 लाख रुपए वसूलने के बाद चक्रवृद्धि ब्याज लगाकर और 20 लाख रुपए की मांग करते हुए बिल्डर को जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही उसके तीन फ्लैटों को जबरदस्ती अपने नाम कर लिया। पिंपरी-चिंचवड में सामने आए इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर साहूकार के धंधे में शामिल एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार (Arrested) कर लिया है। इस प्रकार की शुरुआत चिंचवड (Chinchwad) में 2015 से हुई थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक वाल्मीक सूर्यवंशी के रूप में हुई है।

    पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने 2015 में एक बिल्डर को निर्माण व्यवसाय के लिए 10 फीसदी प्रति माह की ब्याज दर पर 6 लाख रुपए का भुगतान किया था। बिल्डर ने सहमति के अनुसार ब्याज की राशि नहीं लौटाई तो आरोपी ने बार-बार फोन किया और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही हाथ पैर तोड़ने की धमकी देकर ब्याज और चक्रवृद्धि ब्याज के रूप में कुल 27 लाख 60 हजार रुपये की वसूली की। साथ ही बिल्डर और उसके पिता के नाम से तीन फ्लैटों को दस्तावेज तैयार कर जबरन अपने नाम करा लिया। इसके बाद भी आरोपी की मांग खत्म नहीं हुई। उसने फिर से 20 लाख रुपए की मांग की।

    आरोपी के खिलाफ पहले ही हत्या के मामले में केस है दर्ज 

    इस मामले में बिल्डर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद 8 अक्टूबर को चिंचवड थाने में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। चिंचवड़ थाने में आरोपी दीपक सूर्यवंशी के खिलाफ हत्या के मामले में मामला दर्ज है। सहायक पुलिस आयुक्त पद्माकर घनवट और डॉ.प्रशांत अमृतकर के मार्गदर्शन में अनैतिक मानव यातायात रोकथाम सेल के पुलिस निरीक्षक देवेंद्र चव्हाण, उपनिरीक्षक प्रदीप सिंह सिसोद, विजय कांबले, पुलिस कर्मी कल्याण महानोर, सुनील शिरसत, सुधा टोके, भगवंत मुथे, मारुति करचुंडे, गणेश करोटे, वैष्णवी गावड़े की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। बहरहाल अवैध रूप से पैसों का लेनदेन करनेवाले साहूकार पुलिस के रडार पर आ गए हैं। कर्जदार से ब्याज वसूलना, चक्रवृद्धि ब्याज वसूलना, कर्जदार की संपत्ति हड़पना, अनुचित दर पर कर्ज पर ब्याज वसूलना, बल प्रयोग करना, साहूकारी के लाइसेंस के बिना कारोबार करना जैसे मामलों में पुलिस द्वारा अपराध दर्ज किए जा रहे हैं। पिंपरी-चिंचवड पुलिस ने लोगों से अवैध साहूकारों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए आगे आने की अपील की है।