Flower of Paradise

    पिंपरी: पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका (Pimpri-Chinchwad Municipal Corporation) की ओर से थेरगांव के डांगे चौक पर फ्लावर ऑफ पैराडाइज (Flower of Paradise) की मूर्ति स्थापित की जा रही है। इससे पुल पर  छत्रपति शिवाजी महाराज (Chhatrapati Shivaji Maharaj) का नाम ढंक जा रहा है। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए शिवसेना सांसद श्रीरंग बारणे (MP Shrirang Barne) ने महानगरपालिका प्रशासन को चेताते हुए कहा कि अगले दो दिनों में इस मूर्ति को हटा दे, नहीं तो मैं खुद मूर्ति हटा दूंगा। इस संबंध में उन्होंने महानगरपालिका कमिश्नर राजेश पाटिल को ज्ञापन दिया है।

     इसमें सांसद बारणे ने कहा है कि महानगरपालिका में थेरगांव का प्रतिनिधित्व करने के दौरान डांगे चौक पर पुल बनाया गया। इस पुल का नाम महाराष्ट्र के आराध्य देवता श्री छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर रखा गया है। डांगे चौक में छत्रपति शिवाजी महाराज का बड़ा अश्वारूढ़ स्मारक है जिसे देखने से नागरिकों को एक अलग ही ऊर्जा मिलती है।

    स्मार्ट सिटी के नाम से गोरखधंधा कर रहा महानगरपालिका प्रशासन

    हालांकि महानगरपालिका प्रशासन स्मार्ट सिटी के नाम से कुछ गोरखधंधा कर रहा है। कहीं भी कुछ भी स्थापित किया जा रहा है। डांगे चौक पर फ्लावर ऑफ पैराडाइज का शिल्प लगाया जा रहा है। इसलिए पुल पर छत्रपति शिवाजी महाराज का नाम ढंक जा रहा है। महाराज का नाम और इलाके को विद्रूप किया जा रहा है। अगले दो दिनों में यह शिल्प या मूर्ति को हटा दिया जाना चाहिए। सांसद बारणे ने चेतावनी दी है कि नहीं तो मैं खुद मूर्ति हटा दूंगा।