Plastic
File Photo

    Loading

    पुणे: पर्यावरण की रक्षा के लिए केंद्र सरकार और राज्य सरकार ने एक जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक (Single Use Plastic) के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है। केंद्र सरकार के आदेश के बाद पुणे महानगरपालिका प्रशासन ( Pune Municipal Administration) ने एक जुलाई से प्लास्टिक प्रतिबंध (Plastic Ban) का उल्लंघन करनेवालों पर कार्रवाई शुरु कर दी। 

    पुणे महानगरपालिका प्रशासन ने अब तक 28 दिनों में 202 मामलो में 2 हजार 429 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की है। हालांकि पहले 6 दिनों में जितनी संख्या में कार्रवाई की गई, उसकी तुलना में उसके बाद कार्रवाई धीमी पड़ गई।

    एक जुलाई से नए कानून पर अमल

    केंद्र सरकार ने प्लास्टिक के इस्तेमाल के नियमों को सख्त कर एक जुलाई से नए कानून पर अमल शुरू किया। इसके तहत पुणे महानगरपालिका (पीएमसी) ने प्लास्टिक प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई शुरु की। पीएमसी की ठोस कचरा विभाग की प्रमुख आशा राउत ने बताया कि महानगरपालिका के 15 क्षेत्रीय कार्यालयों के स्वास्थ्य निरीक्षकों की संयुक्त टीमों और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों द्वारा कार्रवाई की जा रही है। राज्य में 2018 से 50 माइक्रोन से कम मोटे प्लास्टिक बैग पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई केंद्र सरकार के आदेश के बाद एक जुलाई से तेज कर दी गई है। 

    कार्रवाई धीरे-धीरे होती गई धीमी

    हालांकि, शुरुआती दिनों में जिस प्रकार कार्रवाई में तेजी दिखाई दी। उसमें धीरे-धीरे कार्रवाई धीमी होती गई। महानगरपालिका ने 6 जुलाई तक करीब 1,353 किलोग्राम प्लास्टिक जब्त कर 4 लाख 15 हजार रुपए जुर्माना वसूला था, लेकिन 28 जुलाई तक यानी महिने के अंत में अब कुल मिलाके महानगरपालिका प्रशासन ने 202 मामलों में 2 हजार 429 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की है औऱ 10 लाख 55 हजार रुपए का जुर्माना वसुला है। आज भी शहर में प्लास्टिक का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर हो रहा है। इसके तुलना में महानगरपालिका ने प्लास्टिक प्रतिबंध पर कार्रवाई धीमी हो रही है।

    हाइवे पर कूड़ा फेंकनेवालों पर कार्रवाई

    राउत ने बताया कि पुणे शहर को जोड़ने वाले राजमार्गों पर रात में बड़ी मात्रा में कूड़ा फेंका जाता है। इसे रोकने के लिए महानगरपालिका प्रशासन ने 12 जुलाई से हाइवे पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए गश्ती दल का गठन किया है। प्रायोगिक तौर पर इस टीम को कात्रज-देहू रोड बायपास रोड पर महानगरपालिका सीमा के भीतर कात्रज घाट तक तैनात किया गया है। पिछले दो सप्ताह में टीम ने 15 कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। उनके पास से 9 हजार 500 रुपए का जुर्माना वसूला गया है।