नए वर्ष में महानगरपालिका चुनाव!, इच्छुकों में बढ़ी नाराजगी

    Loading

    ठाणे : ठाणे महानगरपालिका सहित राज्य के दस महत्वपूर्ण महानगरपालिका में कार्यकाल खत्म होने के कारण प्रशासकों (Administrators) की नियुक्ति की गई है। ठाणे महानगरपालिका में भी 8 मार्च 2022 से प्रशासकीय कामकाज शुरू है। 

    महा विकास आघाड़ी सरकार के दौरान तीन सदस्यीय प्रभाग रचना को रद्द कर नई शिंदे-फडणवीस की सरकार ने 2017 के अनुसार चार सदस्यीय प्रभाग रचना के आधार पर चुनाव कराने का फैसला लिया है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि महानगरपालिका के चुनाव अक्टूबर या नवंबर में हो सकते है।  लेकिन महानगरपालिका सूत्रों तो चुनाव आयोग ने भी महानगरपालिका को अगले आदेश तक कोई कार्रवाई नहीं करने के लिए लिखित आदेश दिया है और अब नए सिरे से प्रभागों का आरक्षण के साथ-साथ 27 के बजाय 10 ओबीसी आरक्षण प्रक्रिया के कारण यह चुनाव नए वर्ष 2023 के जनवरी या फरवरी महीने में कराया जा सकता है। 

    महानगरपालिका चुनाव 2011 की जनगणना के अनुसार

    सत्ता परिवर्तन के बाद शिंदे-फडणवीस सरकार ने ठाकरे सरकार को झटका देते हुए महानगरपालिका चुनाव में 2017 का फॉर्मूला बरकरार रखा है। इसके चलते अब चार सदस्यीय पैनल के जरिए चुनाव कराए जाएंगे। नतीजतन, संकेत हैं कि चुनाव में देरी होगी क्योंकि एक नई प्रक्रिया लागू की जाएगी।    इसलिए, चार सदस्यीय पैनल के कारण प्रभागों की संख्या में 11 की कमी आने से उम्मीदवारों की उम्मीदें भी धराशायी हो गई हैं। दूसरी ओर प्रशासन को प्रभाग संरचना के साथ निर्वाचन क्षेत्र की सूची और आरक्षण की प्रक्रिया दोबारा करनी पड़ रही है, जिससे छह महीने का खर्च बर्बाद हो गया है। कुल मिलाकर प्रशासन का कहना है कि महानगरपालिका चुनाव 2011 की जनगणना के अनुसार होगा। पिछले दस वर्षों में जनसंख्या वृद्धि को देखते हुए महा विकास आघाड़ी सरकार ने नगरसेवकों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया था। जिससे ठाणे महानगरपालिका क्षेत्र में 11 नगरसेवक बढ़ने वाले थे। लेकिन अब तीन सदस्यीय प्रभाग के बजाय चार सदस्यीय प्रभाग के अनुसार 2017 के तर्ज पर ही महानगरपालिका का चुनाव कराने के निर्देश जारी किए गए थे। ऐसे में ठाणे महानगरपालिका में पहले की तरह 131 नगरसेवक होंगे और कुल 33 प्रभागों में से 32 प्रभागों में चार नगरसेवक होंगे और एक प्रभाग में तीन नगरसेवक होंगे। साथ ही चार सदस्यीय प्रभाग में से दो सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। साथ ही एससी और एसटी के साथ-साथ ओबीसी के लिए सीटों को आरक्षित किया जाएगा। 

    खर्च पर फिरा पानी 

    ठाणे महानगरपालिका ने दिसंबर 2021 से चुनाव योजना की प्रक्रिया शुरू की थी। इस चुनावी प्रक्रिया पर महानगरपालिका प्रशासन ने अब तक 10 से 12 लाख रुपए खर्च कर चुकी है। लेकिन अब तीन के बजाय चार सदस्यीय प्रभाग के चलते महानगरपालिका के पिछले प्रभाग ढांचे को बदलना होगा और प्रभागों की संरचना, मतदाता सूची तैयार करने और आरक्षण को छोड़कर इन सभी कार्यों को फिर से करना होगा। 

    “राज्य चुनाव आयोग ने पिछले सप्ताह नगरपालिका को एक पत्र भेजा है, जिसमें उसने मौजूदा प्रक्रिया को रोकने को कहा है और कहा है कि चुनाव को लेकर आगे की नई प्रक्रिया चुनाव आयोग का आदेश मिलने के बाद शुरू की जाए। इस बीच चुनाव आयोग का आदेश मिलने के बाद ही महानगरपालिका की तरफ से तत्काल काम शुरू कर दिया जाएगा।” -(डॉ. विपिन शर्मा, कमिश्नर, ठाणे महानगरपालिका)