morbe dam
file pic

    Loading

    नवी मुंबई: कर्जत के पास स्थित नवी मुंबई महानगरपालिका (Navi Mumbai Municipal Corporation) के मोरबे जलाशय (Morbe Dam) में मौजूदा समय में 83.23 मीटर पानी का भंडार है। जो नवी मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में सितंबर 2023 तक जलापूर्ति करने के लिए पर्याप्त है। मोरबे बांध परियोजना के कारण नवी मुंबई (Navi Mumbai) को पानी से समृद्ध शहर के रूप में भी जाना जाता है। संतोषजनक जल आपूर्ति इस शहर की एक विशेषता है।

    गौरतलब है कि साल 2021 में मोरबे बांध क्षेत्र में 4226.80 मिमी बारिश हुई थी, लेकिन साल 2022 में मोरबे बांध क्षेत्र में 3559.40 मिमी ही बारिश हुई। 667.40 मिमी बारिश कम होने के बावजूद इस जलाशय का मौजूदा जलस्तर 83.23 मीटर है, जबकि विगत साल इसी दिन यह स्तर 82.23 मीटर था। इस जलाशय से नवी मुंबई महानगरपालिका के तहत आने वाले क्षेत्रों में हर दिन 450 एमएलडी पानी की आपूर्ति की जा रही हैं।

    पड़ोस के शहरों में शुरू हुई पानी कटौती

    नवी मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र के बाहर वाले शहरों की बस्तियों में वर्तमान में हो रही पानी की कटौती शुरू हो गई है, जिसे ध्यान में रखते हुए नवी मुंबई के नागरिकों को भी पानी के प्रति सतर्क रहने की अपील महानगरपालिका प्रशासन द्वारा की जा रही है। मौजूदा समय में देखा जा रहा है कि महानगरपालिका क्षेत्र में कई जगहों पर नागरिक पानी के उपयोग के प्रति लापरवाह हो रहे हैं और पीने के पानी को कई तरीकों से बर्बाद कर रहे है।

    धन की तरह पानी का उपयोग करने की अपील

    नवी मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में जिसमें सोसायटियों में भूमिगत और छत बनी पानी की टंकी से पानी का ओवरफ्लो होना, कार धोने के लिए पाइप के माध्यम से पानी का उपयोग करना और जरूरत पूरी होने के बाद नल को खुला रखने जैसे लापरवाही मुख्य तौर से शामिल है। आसपास के शहरों में पानी की कमी जैसी स्थिति को ध्यान में रखते हुए नवी मुंबई के नागरिक पानी का उपयोग धन की तरह सावधानी से इसका उपयोग करें, ऐसी अपील महानगरपालिका द्वारा की जा रही है।