Maharashtra Weather Update

Loading

नवभारत न्यूज नेटवर्क
मुंबई:
वैश्विक जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग का असर लगातार मुंबई सहित राज्य पड़ रहा है। मौसम की अठखेलियों के बीच राज्य में कहीं कड़ी धूप से लोग बेहाल हैं तो कहीं बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने कहर ढाया हुआ है। मुंबई, ठाणे, पालघर में लोग पसीने से तरबतर हो रहे हैं। वहीं विदर्भ, मराठवाडा और मध्य महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

मुंबई में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आस-पास दर्ज किया जा रहा है। आगामी दिनों में गर्मी बढ़ने की संभावना है। राज्य के अन्य हिस्सों पर गौर करें तो बुधवार को मालेगांव में सबसे अधिक 42 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसी तरह जेउर में 41.5, बीड़ में 40.5, सोलापुर में 40, उस्मानाबाद में 39.9 और सतारा में 39.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राज्य के कई हिस्से सूरज की गर्मी से तप रहे हैं। वहीं विदर्भ, मराठवाडा और मध्य महाराष्ट्र के कई जिलों में बेमौसम बारिश हो रही है। राजस्थान में निर्माण हुई चक्रवाती स्थिति और द्रोणिका रेखा पर बने टर्फ से मौसम में बदलाव आया है। यह टर्फ कर्नाटक तक बना हुआ है, जो मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण कोकण से गुजर रहा है।

इन इलाकों में बेमौसम बारिश का अलर्ट
विदर्भ के कुछ जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है और तूफानी हवाओं के साथ ओले भी गिरेंगे। साथ ही मौसम विभाग ने 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना जताई है। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों तक राज्य में बारिश की संभावना जताई है। मराठवाड़ा और विदर्भ में रविवार तक बेमौसम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मध्य महाराष्ट्र में आज और कल के लिए बेमौसम बारिश का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने व्यक्त किया है। मुंबई फिलहाल बारिश का कोई अलर्ट नहीं है।

सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार पिछले दो-तीन दिनों से राज्य के कुछ हिस्सों में बेमौसम बारिश का जोर बढ़ गया है। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी तस्वीर दिख रही है। इसके चलते कुछ इलाकों में कृषि फसलें प्रभावित हुई हैं। आम, नींबू, सब्जियां, ज्वार की फसल को नुकसान हुआ है। बेमौसम बारिश से किसान चिंतित हैं। कुछ जगहों पर बिजली गिरने की घटनाएं भी हुई है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

अलर्ट मोड पर बीएमसी
मुंबई में गर्मी और उमस ने लोग को बेहाल कर रखा है। हीट स्ट्रोक से बचने के लिए बीएमसी प्रशासन अलर्ट मोड पर है। शहर के 14 अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से प्रभावित लोगों के लिए इलाज के विशेष प्रबंध किए गए हैं। इसी तरह 103 बालासाहेब ठाकरे आपला दवाखाना में एसी के साथ इलाज की व्यवस्था की गई है। लोगों को सलाह दी गई है कि यदि जरूरी न हो तो दोपहर में घर से बाहर न निकलें। बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और गर्भवती महिलाओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। छांव में रहें. शरीर ढका रहे, टोपी और छतरी का इस्तेमाल करें। थोड़ी-थोड़ी देर में पानी पीते रहें। 37 डिग्री तापमान में विशेष सावधानी बरतें।